नागरिकता कानून के विरोध में शुरू हुआ कांग्रेस का ‘सत्याग्रह’, राहुल-प्रियंका समेत कई नेता मौजूद

नागरिकता कानून के विरोध में शुरू हुआ कांग्रेस का ‘सत्याग्रह’, राहुल-प्रियंका समेत कई नेता मौजूद

नागरिकता संशोधन कानून(CAA 2019) के खिलाफ सत्याग्रह के लिए दिल्ली पुलिस की इजाजत नहीं मिलने से कांग्रेस ने रविवार को जो कार्यक्रम रद्द किया था, वह अब शुरू हो गया है। यह कार्यक्रम राजघाट स्थित गांधी समाधि के पास हो रहा है। इसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, गुलाम नबी आजाद समेत कई बड़े नेता मौजूद हैं।

प्रधानमंत्री मोदी आरएसएस के एजेंडे पर काम कर रहे- गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि नागरिकता कानून के कारण लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी इसे लेकर गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र का एजेंडा आरएसएस का एजेंडा है, वो देश को बांटना चाहते हैं। गहलोत ने कहा हम उनसे मुकाबला करने को तैयार हैं और पूरा देश भी। साथ ही राजस्थान के मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे प्रदेश में नागरिकता कानून लागू नहीं करेंगे। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना को भी पढ़ा।

एमपी में लागू नहीं होगा नागरिकता कानून
सत्याग्रह में शामिल हुए एमपी के सीएम कमलनाथ ने कहा कि एमपी में नागरिकता कानून लागू नहीं होगा। कांग्रेस सरकार इसे लागू नहीं करेगी।

सोनिया मनमोहन के बाद राहुल ने भी पढ़ी संविधान की प्रस्तावना
सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी संविधान की प्रस्तावना पढ़ी है।

सोनिया गांधी और डॉ. मनमोहन सिंह ने पढ़ी संविधान की प्रस्तावना
सत्याग्रह में सबसे पहले बोलते हुए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ी। सोनिया गांधी के बाद डॉ. मनमोहन सिंह ने भी संविधान की प्रस्तावना पढ़ी। इन दोनों नेताओं ने अंग्रेजी में ही प्रस्तावना पढ़ी।

वंदे मातरम गान से शुरू हुआ सत्याग्रह
सोनिया गांधी के राजघाट पहुंचने के बाद वंदे मातरम गाया गया और इसके बाद औपचारिक रूप से कांग्रेस का सत्याग्रह शुरू हो गया। यहां प्रथम पंक्ति में सोनिया, राहुल और डॉ. मनमोहन सिंह बैठे हैं।

राहुल गांधी पहुंच चुके हैं, सोनिया गांधी का है इंतजार
इस वक्त राजघाट पर राहुल, प्रियंका और डॉ. मनमोहन सिंह समेत तमाम बड़े कांग्रेसी नेता राजघाट पर इकट्ठा हो गए हैं। इस वक्त भजन का कार्यक्रम चल रहा है। सोनिया गांधी के पहुंचते ही यहां पर संविधान पाठ का कार्यक्रम शुरू हो सकता है।

 

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे