कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा का कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

- सहारनपुर में कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते आचार्य प्रमोद कृष्णम।
सहारनपुर [24CN]। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा व प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देशानुसार निकाली जा रही कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा का कांग्रेसजनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। प्रतिज्ञा यात्रा में कांग्रेसजनों ने पार्टी के चुनावी वायदों से जनता को अवगत कराते हुए कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव मे अपना समर्थन देने का आह्वान किया। स्थानीय चकरौता रोड स्थित देर रात्रि विजय टाकिज पर ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य जावेद साबरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद व आचार्य प्रमोद कृष्णम की अगुवाई में पहुंची कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
स्वागत कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि कांग्रेस ही भाजपा का एकमात्र विकल्प है जो देश व प्रदेश की जनता को भाजपा के कुशासन से छुटकारा दिला सकती है। उन्होंने जनता से देश एवं प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने का आह्वान किया। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारों के शासनकाल में समाज का प्रत्येक वर्ग दु:खी है। इसलिए वह कांग्रेस को प्रदेश की सत्ता में लाने का आतुर है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर कांग्रेस के प्रतिज्ञा पत्र में किए गए वायदों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का काम किया जाएगा।
राष्ट्रीय प्रवक्ता मीम अफजल व पूर्व मंत्री जफर अली नकवी ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का काम करती है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य जावेद साबरी ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में किसान, मजदूर, व्यापारी, शिक्षक समेत सभी वर्ग के लोग त्रस्त हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने का संकल्प लेकर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनीष त्यागी, नफीस मामू, आरिफ खान, सचिन वर्मा, नीरज कपिल, चौ. आरिफ, ईशान साबरी, हाजी रियासत, इकराम नूर बस्ती, फिरोज मलिक, डा. रिजवान, नवाब कासिफ खान, अलाउद्दीन समेत भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा का जनपद में चिलकाना रोड, गंगोह, जंधेड़ा समसपुर, नानौता व देवबंद में जगह-जगह कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
बाद में कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा को रोहाना टोल प्लाजा पर कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा मुजफ्फरनगर के लिए रवाना किया गया। इस दौरान विधायक मसूद अख्तर, विधायक नरेश सैनी, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य जावेद साबरी, पूर्व जिलाध्यक्ष शशी वालिया, प्रदेश सचिव सत्यसंयम भूर्यान, मनीष त्यागी, गुलफाम मलिक आदि मौजूद रहे।