235 वर्ष पुराने माता अहिल्याबाई होलकर स्मारक के ध्वस्तीकरण के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
- सहारनपुर में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते कांग्रेसजन।
सहारनपुर। वाराणसी के ऐतिहासिक मणिकर्णिका घाट पर स्थित माता अहिल्याबाई होलकर स्मारक के ध्वस्तीकरण के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिंह राणा एवं महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेसजन कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
कांग्रेसजन 10 जनवरी 2026 को मणिकर्णिका घाट पर की गई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में माता अहिल्याबाई होलकर जी के 235 वर्ष पुराने स्मारक को गिराए जाने का विरोध कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने इस कार्रवाई को अत्यंत शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण एवं ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति भाजपा सरकार की असंवेदनशीलता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1791 में माता अहिल्याबाई होलकर द्वारा मणिकर्णिका घाट का जीर्णोद्धार कराया गया था, जो भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अमूल्य प्रतीक है।
संदीप राणा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर ऐतिहासिक धरोहरों को नष्ट कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर के नाम पर काशी में सैकड़ों प्राचीन और सिद्ध हिंदू मंदिरों को तोड़ा गया, जो भाजपा की हिन्दू विरोधी मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास के विरुद्ध नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर संस्कृति और विरासत का विनाश स्वीकार नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस ने अहिल्याबाई होलकर स्मारक के पुनर्निर्माण तथा भविष्य में काशी में होने वाले सौंदर्यीकरण कार्यों में धर्माचार्यों एवं स्थानीय नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की। महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने इस कार्रवाई को सनातन परंपरा के विरुद्ध बताते हुए अहिल्याबाई होलकर स्मारक के शीघ्र पुनर्निर्माण की मांग की।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल धर्म और जाति की राजनीति कर समाज को बांटने का कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस हर पीड़ित के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रदर्शनकारियों में जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सैनी व प्रवीण चैधरी, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश महासचिव अरविंद पालीवाल, महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव मधु सहगल, जिला उपाध्यक्ष नितिन शर्मा, वरुण शर्मा, दुष्यंत राणा, सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, अक्षय चैधरी, सेवादल जिला अध्यक्ष इमरान कुरैशी, अनुसूचित जाति विभाग जिला अध्यक्ष मुनीश सहगल, सेवादल महानगर अध्यक्ष अनुज शर्मा, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राजन बिरला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
