कांग्रेसजनों ने घर-घर जाकर गिनाई भाजपा की जनविरोधी नीतियां
सहारनपुर [24CN]। कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे तीन दिवसीय जय भारत महासम्पर्क अभियान के पहले दिन कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव काजी इमरान मसूद ने बेहट विधानसभा की लोधीपुर न्याय पंचायत, जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने नकुड़ विधानसभा की दुमझेड़ा न्याय पंचायत के गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों से सम्पर्क किया। उन्होंने भाजपा सरकारों की जनविरोधी नीतियों से अवगत कराया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने जय भारत सम्पर्क महाअभियान का शुभारम्भ करते हुए कहा कि भाजपा की केंद्र व राज्य सरकारों किसान व मजदूर सहित सभी वर्गों के नागरिकों का शोषण कर रही है और दोनों सरकारों की जनविरोधी नीतियों के चलते आज आम आदमी का जीवन दुभर हो गया है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक घराने दिन दूनी रात चौगुनी प्रगति की ओर अग्रसर हैं जिससे देश में गरीब और गरीब हो रहे हैं और अमीर और अधिक अमीर होते जा रहे हैं।
चौ. मुजफ्फर अली ने कहा कि प्रदेश में एक ओर जहां कानून व्यवस्था व भ्रष्टाचार चरम पर है, वहीं दूसरी ओर देश में नागरिक बेरोजगारी व महंगाई की मार झेल रहे हैं जिससे देश की अर्थव्यवस्था गर्त में पहुंच गई है जिसके लिए केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियां जिम्मेदार हैं। महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा व जिला उपाध्यक्ष स. चंद्रजीत सिंह निक्कू ने महानगर के वार्डों में घर-घर जाकर दस्तक दी और नागरिकों को सरकार की जनविरोधी नीतियों से अवगत कराया।
महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा व स. चंद्रजीत सिंह निक्कू ने कहा कि गरीब बस्तियों में राशन वितरण की गड़बड़ी के साथ-साथ गैस, डीजल व पेट्रोल की आसमान छूती कीमतें लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में जनता का गुस्सा भाजपा सरकारों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का काम करेगा। इस दौरान अश्विनी शर्मा, मंजीत कोका, राहुल सिंह, अमरदीप जैन, नीरज कपिल, गुलशेर अलवी, आरिफ मंसूरी, इकराम खान, निमिष छाबड़ा, राहुल सैनी, मोहित गोयल, सचिन छोटू, विक्की वलीपुरा आदि मौजूद रहे।