कांग्रेसजनों ने पूर्व विधायक की अगुवाई में निकाली संदेश पद यात्रा

सहारनपुर [24CN] । कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के सदस्य व पूर्व विधायक इमरान मसूद के नेतृत्व में कांग्रेस संदेश पद यात्रा निकालकर केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए कृषि बिलों के खिलाफ लोगों को जागरूक किया तथा केंद्र सरकार से अन्नदाता किसानों के उत्थान के लिए लागू किए गए तीनों कृषि बिलों को तत्काल वापस लिए जाने की मांग की। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा व प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देश पर चलाई जा रही किसान संदेश पद यात्रा के तहत आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक इमरान मसूद के नेतृत्व में बेहट विधानक्षेत्र के गांव मिर्जापुर से लेकर शाहपुर गाड़ा बस स्टैंड तक किसान संदेश पद यात्रा निकाली। पदयात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों के समर्थन में नारेबाजी करते चल रहे थे।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए पूर्व विधायक इमरान मसूद ने कहा कि केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारें लगातार अपनी किसान विरोधी नीतियों के चलते किसानों का शोषण व उत्पीडऩ कर रहे हैं। हाल में केंद्र सरकार द्वारा देश के बड़े-बड़े पंूजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए तीन अध्यादेश जारी कर नए कृषि कानून बनाने का काम किया है जो किसानों के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि इन कृषि कानूनों के लागू होने से देश का अन्नदाता किसान पूरी तरह बर्बाद हो जाएगा तथा कांट्रैक्ट फार्मिंग के चलते बड़ी-बड़ी कम्पनियों द्वारा किसानों की जमीन पर कब्जा करने से किसान केवल खेतिहर मजदूर बनकर रह जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही किसानों की हितैषी रही है और जब तक केंद्र सरकार द्वारा तीनों किसान विरोधी कृषि कानूनों को वापस नहीं लिया जाता तब तक कांग्रेस कार्यकर्ता संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेंगे। चाहे इसके लिए हमें कोई भी कुर्बानी क्यों न देनी पड़े। किसान संदेश पदयात्रा में मोहम्मद हासिम, सोनू प्रधान, ताहिर पहलवान, चौ. हाजी माजिद, मो. अकरम, कलीम, शाह बान, सूफियान अली सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।