कांग्रेसियों ने भैंसा-बोगी पर चढक़र निकाला जुलूस, किया प्रदर्शन

- सहारनपुर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।
सहारनपुर [24CN] । जिला व महानगर कांग्रेस के बैनर तले कांग्रेसजनों ने डीजल व पेट्रोल के दामों में अंधाधुंध वृद्धि के विरोध में हसनपुर चुंगी से कलक्ट्रेट तक जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन राष्ट्रपति को सौंपकर पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर अंकुश लगाने की मांग की।
जिला व महानगर कांग्रेस के पदाधिकारी हसनपुर चौराहे पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली के नेतृत्व में हुए तथा भैंसा बुग्गी में सवार होकर जोरदार नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। कलक्ट्रेट में प्रवेश को लेकर पुलिस प्रशासन ने जब कांग्रेसजनों को रोकना चाहा तो कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली, विधायक मसूद अख्तर, विधायक नरेश सैनी व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कलक्ट्रेट के सामने सडक़ पर धरने पर बैठ गए। बाद में पुलिस ने उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी तो जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि कोरोना के साथ-साथ केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण जनता आर्थिक मंदी व बेरोजगारी से जूझ रही है। ऐसी स्थिति में केंद्र की भाजपा सरकार अपनी कमाई बढ़ाने के लिए डीजल व पेट्रोल के दामों में बढ़ोत्तरी कर जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है। उन्होंने इसे गरीब जनता की जेब पर सरकार की डकैती बताया। विधायक मसूद अख्तर व विधायक नरेश सैनी ने कहा कि सरकार जिस तरह महंगाई बढ़ा रही है उससे जनता का जीना दुभर हो गया है। उन्होंने सरकार पर धनाढय लोगों के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज भाजपा सरकार गरीबों को खत्म कर देना चाहती है। उन्होंने सरकार की गलत नीतियों को देश में पिछले 45 वर्षों में बेरोजगारी का आंकड़ा सर्वाधिक होने के लिए दोषी माना।
एआईसीसी मेम्बर जावेद साबरी ने डीजल व पेट्रोल के साथ-साथ रसोई गैस की कीमतों में की गई वृद्धि को जनविरोधी बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार को आम जनता को राहत देने के लिए अविलम्ब डीजल-पेट्रोल व गैस की कीमतों में वृद्धि को तुरंत वापस लेना चाहिए। प्रदर्शनकारियों को प्रदेश सचिव सत्यसंयम भूर्यान, जिला उपाध्यक्ष अशोक सैनी, पीसीसी मेम्बर विवेकांत सिंह, सेवादल जिलाध्यक्ष इमरान कुरैशी, महानगर सेवादल अध्यक्ष अमरदीप जैन ने भी सम्बोधित किया।
प्रदर्शनकारियों में पूर्व प्रदेश महासचिव सुशील चौधरी, गणेश दत्त शर्मा, हरिओम मिश्रा, मनीष त्यागी, आरिफ खान, स. चंद्रजीत सिंह निक्कू, राजकुमार शर्मा, मनीष अरोड़ा, इंदौर सिंह, गुलफाम अंसारी, राकेश मोगा, अमित काम्बोज, मधु सहगल, देवेंद्र राणा, रणवीर चौधरी, संजय पंवार, शिवकुमार सैनी, चौ. हासिम, चौ. गालिब, नसीब खान, सतपाल बर्मन, जितेंद्र सैनी, शिवकुमार सैनी, इरशाद प्रधान, सुरेंद्र गुप्ता, गोविंद लम्बरदार आदि भारी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।