कांग्रेसजनों ने निकाली किसान संदेश यात्रा

कांग्रेसजनों ने निकाली किसान संदेश यात्रा
  • सहारनपुर में देहात विधानसभा क्षेत्र में किसान संदेश यात्रा निकालते कांग्रेसजन।

सहारनपुर [24CN] । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी व प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देश पर आज कांग्रेस पदाधिकारियों ने सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र में किसान संदेश यात्रा निकालकर किसान विरोधी तीनों काले कानूनों को वापस लेने की मांग की। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस पदाधिकारी सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा गाजी में एकत्र हुए जहां से उन्होंने कय्यूब प्रधान के निवास से किसान संदेश यात्रा प्रारम्भ कर बलियाखेड़ी गांव के गुलफाम के आवास पर पहुंचकर समापन किया। किसान संदेश यात्रा में भारी संख्या में कांग्रेसजन झंडों व बैनरों के साथ तीनों किसान विरोधी काले कानूनों को वापस लेने की मांग कर नारेबाजी कर रहे थे। किसान संदेश यात्रा में शामिल पदयात्रियों को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस अनुशासन समिति के सदस्य व पूर्व विधायक इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस संघर्ष के रास्ते पर चलकर भाजपा की केंद्र सरकार को मजबूर कर देगी और देश के किसानों को न्याय दिलाएगी।

उन्होंने कहा कि हम देश में किसी भी कीमत पर किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे और जब देश का किसान सरकार से अपने हकों के लिए लड़ रहा है तब कांग्रेस गांव-गांव जाकर इस संदेश को लोगों के बीच ले जाएगी और भाजपा सरकारों को मजबूर कर देगी कि वह देश के अन्नदाता किसान को उसका हक दे। जिलाध्यचक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने भाजपा सरकार को किसान विरोधी बताते हुए किसान पर अत्याचार बंद करने की मांग की। उन्होंने किसानों पर थोपे गए काले कानूनों को तुरंत रद्द करने और एमएसपी को कानूनी दर्जा दिए जाने की मांग की जिससे देश के किसान को उसका हक दिया जा सके और बड़े-बड़े औद्योगिक घरानों द्वारा किसानों के शोषण को रोका जा सके।

सहारनपुर देहात के कांग्रेस विधायक मसूद अख्तर ने किसानों की मांग को जायज ठहराते हुए कहा कि आज सरकारें किसानों के सरोकार से बहुत दूर चली गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों को देश के किसानों में अन्नदाता नहीं बल्कि आतंकवादी और नक्सलवादी नजर आते हैं। हम देश के किसानों का अपमान कदापि बर्दाश्त नहीं करेंगे और उन्हें उनका वाजिब हक दिलाकर रहेंगे। एआईसीसी मेम्बर जावेद साबरी ने देश में किसानों की दुर्दशा के लिए भाजपा सरकारों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि यह तीनों काले कानून देश के किसानों को बड़े-बड़े औद्योगिक घरानों का गुलाम बनाने की साजिश है। पदयात्रा में फराज मसूद, जिला सचिव गुलफाम अंसारी, पुवांरका ब्लाक अध्यक्ष शिवकुमार राणा, बलियाखेड़ी ब्लाक अध्यक्ष गुलफाम, कमर अली, हाजी इदरीश, जावेद अली, मा. जफर, नसीम अहमद, राव बजरूल, दानिश मलिक, जावेद अंसारी समेत भारी संख्या में कांग्रेस जन मौजूद रहे।