किसानों की नृशंस हत्या के खिलाफ कांग्रेसजनों ने निकाला पैदल मार्च, सौंपा ज्ञापन

किसानों की नृशंस हत्या के खिलाफ कांग्रेसजनों ने निकाला पैदल मार्च, सौंपा ज्ञापन
  • सहारनपुर में लखीमपुर खीरी प्रकरण के खिलाफ जुलूस निकालकर प्रदर्शन करते कांग्रेसजन।

सहारनपुर [24CN]। जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लखीमपुर खीरी में किसानों की नृशंस हत्या व पीडि़त परिवारों से मिलने जा रही कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में ढोली खाल चौक पर धरना दिया तथा जुलूस के रूप में घंटाघर पहुंचकर राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन नगर मैजिस्ट्रेट को सौंपकर किसानों के हत्यारों व प्रियंका गांधी के साथ बदसलूकी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने प्रदेश में व्याप्त अराजकता के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अहिंसा का पाठ पढ़ाने वाले महात्मा गांधी तथा जय जवान-जय किसान का नारा देने वाले लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अगले ही दिन किसानों की हत्या भाजपा सरकारों के किसान विरोधी होने का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हत्यारों को बचाने के लिए काम कर रही है। विधायक मसूद अख्तर व विधायक नरेश सैनी ने कहा कि प्रदेश में अराजकता इस हद तक बढ़ गई है कि अन्नदाताओं को गाड़ी से कुचला जा रहा है। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी जाने से पहले कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को रोककर भाजपा सरकार ने प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या की है।

एआईसीसी मेम्बर जावेद साबरी व प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी ने कहा कि लखीमपुर खीरी कांड के लिए केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि जिस बर्बरता से किसानों को कुचल दिया गया, वह मानवता के प्रति अक्षम्य अपराध है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री व उपमुख्यमंत्री को तुरंत बर्खास्त किए जाने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों को प्रदेश प्रवक्ता शशि वालिया, पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू, जिला उपाध्यक्ष आरिफ खान, सेवादल अध्यक्ष इमरान कुरैशी, संजय वालिया, मनीष अरोड़ा, अरविंद पालीवाल, नितिन शर्मा, गौरव वर्मा ने भी सम्बोधित किया। प्रदर्शनकारियों में गणेश दत्त शर्मा, अरूण चौधरी, अक्षय चौधरी, गुलफाम अंसारी, अमरदीप जैन, अनूप ठकराल, नसीम खान, गुलशेर अलवी, डा. फैसल खान, बोबी कुमार, बिलाल कुरैशी, रईस अहमद, इजहार अहमद, फरहान, मा. नसीम, इस्लामुर्रहमान समेत भारी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।