shobhit University Gangoh
 

कांग्रेसजनों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर की समस्याओं के समाधान की मांग

कांग्रेसजनों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर की समस्याओं के समाधान की मांग
  • सहारनपुर में डीएम से मुलाकात करने जाते कांग्रेसजन।

सहारनपुर। जनपद  की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर कांग्रेसजनों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से आमजन से जुड़ी गंभीर समस्याओं के अविलम्ब निस्तारण की मांग की। आज कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा एवं पूर्व प्रदेश सचिव प्रवीण चैधरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।

उन्होंने ज्ञापन में मांग कि जनपद के प्रत्येक पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनाया जाए, जिससे गरीब एवं जरूरतमंद नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। इसके साथ ही पोस्ट ऑफिस रोड के दोनों ओर खड़ी होने वाली रोडवेज बसों का स्थान बदले जाने की मांग की गई, क्योंकि इससे आम नागरिकों, महिलाओं एवं स्कूल जाने वाली छात्राओं को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी के नाम पर नगर निगम द्वारा बिना किसी नियंत्रण के हाउस टैक्स बढ़ाया जा रहा है, जो आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहा है। साथ ही घंटाघर से कोर्ट रोड, वार्ड संख्या-24 में बनाए गए फुटपाथ के नीचे बिछी सीवर लाइन को ढमोला नदी स्थित सीवर प्लांट से अब तक न जोड़े जाने पर भी नाराजगी जताई गई।

बताया गया कि इस संबंध में नगर निगम अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन पिछले लगभग पाँच वर्षों से कोई कार्यवाही नहीं हुई है। इसके अतिरिक्त स्मार्ट सिटी होने के बावजूद नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की भारी कमी बताते हुए नए सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग की गई। वहीं जिला पूर्ति कार्यालय द्वारा राशन दुकानों पर गेहूं-चावल के साथ जबरन सर्फ का पैकेट दिए जाने पर भी रोक लगाने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने वालों में  पूर्व पार्षद चन्द्रजीत सिंह निक्कू, युवा जिला अध्यक्ष गौरव वर्मा, पीसीसी  सदस्य अक्षय चैधरी, एससीध्एसटी जिला अध्यक्ष, मुनीष संहगल अनुज शर्मा (नगराध्यक्ष सेवादल) तथा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष गुलशेर आलम कई पदाधिकारी शामिल रहे।

Jamia Tibbia