नगर निगम कार्यालय पर गरजे कांग्रेसजन, सौंपा ज्ञापन

नगर निगम कार्यालय पर गरजे कांग्रेसजन, सौंपा ज्ञापन
  • सहारनपुर में नगर निगम कार्यालय पर नारेबाजी करते कांग्रेस कार्यकर्ता।

सहारनपुर [24CN]। महानगर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेसजनों ने महानगर में व्याप्त अव्यवस्थाओं के खिलाफ नगर निगम कार्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा नगरायुक्त को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम मुख्यालय पर एकत्र हुए तथा महानगर में अव्यवस्थाओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगरायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि महानगर में नगर निगम से सम्बंधित अनेक समस्याएं मुंह बाए खड़ी हैं परंतु नगर निगम प्रशासन द्वारा उनकी अनदेखी की जा रही है। उनका कहना था कि नगर निगम द्वारा पुराना कलसिया रोड पर नाले का निर्माण 19 लाख रूपए में कराया गया था। जबकि उसकी सफाई पर नगर निगम द्वारा 22 लाख रूपए का खर्च दिखाया गया है। इसके बावजूद नाला चौक होने के कारण पानी सड़कों पर बह रहा है। उन्होंने नालों की सफाई में हुई धांधली की उच्चस्तरीय जांच कराकर कार्यवाही किए जाने की मांग की।

महानगर उपाध्यक्ष इकराम खान ने कहा कि नगर निगम में महापौर का पहला कार्यकाल पूरा होने को है। इसके बावजूद महानगर का शहरी व ग्रामीण क्षेत्र मूलभूत नागरिक सुविधाओं के लिए संघर्ष करता नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर निगम देकर सरकार ने जनता से धोखे के अलावा कुछ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि यदि एक पखवाड़े के अंदर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेसजन सड़कों पर उतरकर नगर निगम का घेराव करने को मजबूर होंगे।

प्रदर्शनकारियों में आरिफ मंसूरी, जब्बार अहमद, अमरदीप जैन, नीरज कपिल, यूनुस सिद्दीकी, गुलशेर अलवी, मुनव्वर सिद्दीकी, राव नौशाद, सोमपाल कश्यप, सुमन शर्मा, इशरत जहां, घनश्याम पंत, यशवीर सिंह, नदीम खान, सौरभ भारद्वाज, मौ. सरफराज, चेतनलाल, अरशद सोनी, अब्दुल कय्यूम, जहीरा बेगम, शरीफ अहमद, रवि कुमार, रिहान खान, साजिद मिर्जा, कमल राणा, अमर राणा, शादाब अंसारी, गुलबहार अहमद, शाहनवाज, तनवीर हसन, अबरार अहमद, मौ. खुर्रम, मौ. रियाजुल हसन, रागिब अहमद, अमन आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।