जिला मुख्यालय पर गरजे कांग्रेसजन, नारेबाजी कर किया प्रदर्शन

जिला मुख्यालय पर गरजे कांग्रेसजन, नारेबाजी कर किया प्रदर्शन
  • सहारनपुर में जिला मुख्यालय पर नारेबाजी करते कांग्रेस कार्यकर्ता।

सहारनपुर। जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेसजनों ने केंद्र की भाजपा सरकार के इशारे पर समाचार वैबसाइट न्यूज क्लिक के दफ्तर पर दिल्ली पुलिस द्वारा की गई छापेमारी के विरोध में जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर उक्त कार्रवाई को अविलम्ब बंद कराए जाने की मांग की।

जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली गुर्जर व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा के नेतृत्व में एकत्र होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी व जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार की यह दमनकारी नीति संविधान की हत्या है। उन्होंने कहा कि सरकार मीडिया को धमकाने की नीति पर चलने को मजबूर है क्योंकि उसने पिछले सालों में जनहित के लिए कुछ भी नहीं किया।

महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने इस कार्रवाई को अघोषित आपातकाल बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार संगठित विपक्ष के इंडिया महागठबंधन व आगामी 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिलने वाली संभावित पराजय से बौखला गई है और हताशा में मीडिया के प्रति अपनी दमनकारी नीतियों के माध्यम से देश की जनता को धमकाने का काम कर रही है। जिला उपाध्यक्ष मनीष त्यागी ने कहा कि कांग्रेस भाजपा की इन दमनकारी नीतियों के विरूद्ध संघर्ष के लिए तैयार है।

प्रदर्शनकारियों में पूर्व मंडल प्रवक्ता नरेंद्र शर्मा, हरिओम मिश्रा, डा. सुरेंद्र मनिनवाल, अजय त्यागी, गौरव वर्मा, इमरान कुरैशी, धर्मपाल जोशी, सोमपाल कश्यप, नीरज कपिल, स. हन्नी सिंह, मुनेश सहगल, मधु सहगल, सौरभ भारद्वाज, अनुज शर्मा, सचिन कुमार, नसीब खान, शोएब रफत, मोहित शर्मा, जीशान, अब्दुल रहमान सहित भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।