संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग का आरोप लगाकर जिला मुख्यालय पर गरजे कांग्रेसजन

संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग का आरोप लगाकर जिला मुख्यालय पर गरजे कांग्रेसजन
  • सहारनपुर में जिला मुख्यालय पर नारेबाजी करते कांग्रेस कार्यकर्ता।

सहारनपुर [24CN]। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग करने का आरोप लगाते हुए जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर केंद्र सरकार को बर्खास्त किए जाने की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र होकर जिला मुख्यालय पहुंचे तथा केंद्र की भाजपा सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग करने व ईडी का भय दिखाकर विपक्ष को डराने-धमकाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने कहा कि कुछ वर्षों से केंद्र की भाजपा सरकार राजनीतिक द्वेष व पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर देश की विभिन्न संवैधानिक संस्थाओं, प्रवर्तन निदेशालय, आयकर विभाग व सीबीआई आदि का दुरूपयोग करते हुए देश में विपक्ष की आवाज को दबाने का काम रही है जो दुनिया के सबसे लोकतंत्र के अस्तित्व के एक बड़ा खतरा है। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय सरकार के इशारे पर बिना सबूत, तथ्यों व मनगढ़ंत आरोपों के साथ नेशनल हेराल्ड के मामले में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी से पूछताछ करके उन्हें जनहित के मुद्दे उठाने से रोकना चाहती है लेकिन जनहित में कांग्रेस के संघर्ष की परम्परा को निभाते हुए राहुल गांधी इससे भयभीत होने वाले नहीं हैं।

मुजफ्फर अली ने कहा कि राहुल गांधी सच्चाई के पथ पर चलने वाले नेता हैं और सत्यमेव जयते व महात्मा गांधी के अहिंसावादी मार्ग पर चलते हुए भाजपा सरकारों के षडयंत्र और संविधान विरोधी मंसूबों को नाकाम करने में सफल होंगे। एआईसीसी सदस्य जावेद साबरी ने कहा कि भाजपा सरकार देश में विपक्ष और लोकतंत्र को कमजोर करके हमेशा-हमेशा के लिए सत्ता पर काबिज होने का जो मंसूबा देख रही है, इसमें वह कभी सफल नहीं होगी। उन्होंने केंद्र व अन्य भाजपा शासित प्रदेशों में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए पुलिस के बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज की भी निंदा की।

महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि सम्पूर्ण प्रक्रिया से केंद्र सरकार एक तीर से कई निशाने साधना चाहती है। जहां एक ओर केंद्र सरकार विपक्ष को डराने-धमकाने व कमजोर करने का काम कर रही है। वहीं दूसरी ओर देश की जनता का ध्यान बेरोजगारी, महंगाई व भ्रष्टाचार के वास्तविक मुद्दों से भटकाने के अपने उद्देश्य को भी इससे साधना चाहती है।

प्रदर्शनकारियों में प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी, अशोक सैनी, गणेश दत्त शर्मा, मनीष त्यागी, हरिओम मिश्रा, इमरान कुरैशी, गौरव वर्मा, नितिन शर्मा, दानिश खान, प्राग गुर्जर, रणधी सिंह, सुखविंदर कौर, राहत खलील, पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू, नरेंद्र शर्मा, धर्मपाल जोशी, धर्मवीर जैन, रणधीर चौधरी, नीरज कपिल, गुलशेर अलवी, अमरदीप जैन, सौरभ भारद्वाज, अक्षय चौधरी, विक्रम चंदेल, मुर्सलीन मद्धा, यूनुस सिद्दीकी, अनुज शर्मा, यशवीर सिंह, रवि कुमार, घनश्याम पंत, राजा फरीद, आरिफ मंसूरी, कन्हैया गुर्जर, डा. बाबर, मनीष सहगल, साजिद मिर्जा, सुमित भारती, प्राणनाथ, ओमप्रकाश शर्मा, रिजवान अहमद, नदीम सिद्दीकी, सुनील कुमार निक्कू, लईक अंसारी, अनवर सिद्दीकी, अफजाल कुरैशी, अनिल जाटव, नवाब प्रधान, उस्मान, जसवंत सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।