गैस की बढ़ी कीमतों के खिलाफ जिला मुख्यालय पर गरजे कांग्रेसजन

गैस की बढ़ी कीमतों के खिलाफ जिला मुख्यालय पर गरजे कांग्रेसजन
  • सहारनपुर में जिला मुख्यालय पर नारेबाजी करते कांग्रेसजन।

सहारनपुर। जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेसजनों ने रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतों के विरोध में जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर बेतहाशा महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कांग्रेसजन जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा के नेतृत्व में कलक्ट्रेट में एकत्र हुए तथा सरकार द्वारा रसोई गैस की कीमतों में की गई 50 रूपए वृद्धि के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने कहा कि आज जब देश की जनता चहुंमुखी महंगाई की मार से त्रस्त है, वहीं केंद्र सरकार आम जनता को इस महंगाई से निजात दिलाने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियां ही इस बेतहाशा महंगाई के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने सरकार द्वारा एक बार फिर घरेलू रसोई गैस के दामों में 50 रूपए की वृद्धि को भाजपा की जनविरोधी नीतियों का एक जीवंत उदाहरण बताते हुए तुरंत वापस लेने की मांग की जिसे नागरिकों पर बढ़ रहे महंगाई के बोझ को कम किया जा सके।

प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि 2014 के मुकाबले अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत आधे से भी कम है, फिर भी 2014 में 500 रूपए से कम कीमत पर मिलने वाला सिलेंडर आज उपभोक्ताओं को 1100 से रूपए से अधिक क्यों दिया जा रहा है। यह सरकार और तेल कम्पनियों की मुनाफाखोरी व गठजोड़ के चलते जनता की लूट नहीं तो और क्या है।

पिछड़ा विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सैनी ने कहा कि सरकार को हाल में बढ़ाई गई 50 रूपए की मूल्यवृद्धि को तुरंत वापस लेते हुए अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में आई कमी का फायदा उपभोक्ता तक पहुंचाने के लिए पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतें अंतर्राष्ट्रीय बाजार की कीमतों के अनुपात के अनुसार निर्धारित करनी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों में नरेंद्र शर्मा, स. चंद्रजीत सिंह निक्कू, सतपाल बर्मन, अक्षय चौधरी, रणधीर सिंह, राहत खलील, सोनू पठान, प्रीतम सैनी, अशोक शर्मा, सचिन वर्मा, इकराम खान, अजय गुर्जर, अनूप सिंह, रोहन शर्मा, मधु सहगल, पं. सुमन शर्मा, शुकांत कपिल, मुर्सलीन मद्धा, मोहित शर्मा, नसीब खान, वीरसैन उपाध्याय, नदीम, आरिफ सिद्दीकी, शाहिन खान, गुलशेर अलवी, बसंत, रोहित, अश्विनी, मौ. कासिफ, प्रभजीत सिंह आदि सहित भारी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।