कांग्रेसजनों ने आजादी की गौरव यात्रा निकालकर किया लोगों को जागरूक
![कांग्रेसजनों ने आजादी की गौरव यात्रा निकालकर किया लोगों को जागरूक](https://24city.news/wp-content/uploads/2022/08/16spur5.gif)
- सहारनपुर में आजादी की गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते कांग्रेस के पदाधिकारी।
सहारनपुर [24CN]। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में निकाली जा रही आजादी की गौरव यात्रा में आज कांग्रेसजनों ने महानगर में पैदल मार्च करते हुए देश की आजादी में शहीदों द्वारा दिए गए योगदान पर प्रकाश डालने के साथ-साथ देश के नागरिकों से आपसी सौहाद्र्र मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही आजादी की गौरव यात्रा के अंतिम दिन का शुभारम्भ वीर अब्दुल हमीद चौक से वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल तथा ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य जावेद साबरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इससे पूर्व कार्यकर्ताओं को सम्बोध्ति करते हुए पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल ने कहा कि देश व प्रदेश की जनता भाजपा सरकारों के झूठे वायदों व जनविरोधी नीतियों से ऊब चुकी है और जनता की समझ में आ रहा है कि कांग्रेस ही देश को एक सूत्र में पिरोकर विकास के शीर्ष पर ले जा सकती है क्योंकि कांग्रेस की सबको साथ लेकर चलने की नीति एवं संस्कृति ही देश को मजबूत व संगठित कर रखने में सक्षम है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य जावेद साबरी ने उपस्थित नागरिकों से देश के लोकतंत्र की रक्षा के दायित्व को निभाने के लिए कांग्रेस के साथ जुड़कर संघर्ष करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग कर देश में विपक्ष को कमजोर करके लोकतंत्र को समाप्त कर देना चाहती है क्योंकि इन सरकारों का मकसद जनहित में कार्य करना नहीं बल्कि उनका लक्ष्य अंग्रेजों की ईस्ट इंडिया कम्पनी की तर्ज पर बड़े-बड़े औद्योगिक घरानों को मजबूत करके हमेश के लिए देश की सत्ता पर काबिज होना है। महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा व सहारनपुर विधानसभा सीट की प्रत्याशी सुखविंद्र कौर के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा वीर अब्दुल हमीद चौक से शुरू होकर कुतुबशेर, शारदा नगर, खलासी लाईन, नवीन नगर, गौशाला रोड होते हुए जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंची।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष स. चंद्रजीत सिंह निक्कू, पूर्व मंडलीय प्रवक्ता नरेंद्र शर्मा, स. हन्नी सिंह, गुलशेर अलवी, यूनुस, अमरदीप जैन, इमरान कुरैशी, मनीष त्यागी, गौरव वर्मा, मंजीत गोल्डी, राहुल सिंह, सचिन शर्मा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।