कांग्रेसजनों ने गेंहू क्रय केंद्रों का किया निरीक्षण

कांग्रेसजनों ने गेंहू क्रय केंद्रों का किया निरीक्षण
  • सहारनपुर में गेंहू क्रय केंद्रों का निरीक्षण करते कांग्रेस पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN] । कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली के नेतृत्व में विभिन्न गेंहू क्रय केंद्रों पर जाकर जमीनी हकीकत की जानकारी ली तो अधिकांश गेंहू क्रय केंद्रों पर ताले लटके मिले तथा किसानों के लिए सरकारी घोषणा हवा-हवाई साबित हुई।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने बताया कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा ने किसानों के हित में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर गेहूं क्रय केंद्रों को 15 जुलाई तक चलाने व गेंहू खरीद सुनिश्चित करने की मांग की थी। उन्होंने बताया कि आज कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मल्हीपुर, ननदी फिरोजपुर, अहमदपुर घाटेड़ा, रामपुर मनिहारान व गंगोह समेत जनपद के दर्जनों गेंहू क्रय केंद्रों का दौरा किया तो अधिकांश केंद्रों पर ताले लटके मिले। वहीं एक-दो केंद्र पर इक्का-दुक्का कर्मचारी मौजूद भी था तो वहां गेहूं की खरीदारी बाधित मिली।

चौ. मुजफ्फर अली ने इसे किसानों के साथ धोखा बताते हुए कहा कि किसान विरोधी यह सरकार किसान हित का सिर्फ नाटक करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले साल किसान 1200 रूपए प्रति कुंतल धान बेचने को मजबूर हुआ और आज भी गेंहू की फसल न बिकने के कारण किसान खून के आंसू रोने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि यदि किसान को गेंहू का न्यूनतम मूल्य भी न मिले और बाजार में उपभोक्ता आसमान छूती कीमतों पर सामान खरीदने को मजबूर हो तो यह किसानों व उपभोक्ताओं के साथ सरकारी धोखा नहीं है तो और क्या है। उन्होंने मांग की कि किसानों की कुल पैदावार का 85 प्रतिशत हिस्सा क्रय केंद्रों द्वारा खरीदा जाए और सरकार द्वारा यह सुनिश्चित किया जाए।

रामपुर मनिहारान चेयरमैन प्रतिनिधि व पीसीसी सदस्य विवेककांत सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश का किसान पिछले तीन दशकों से सरकारी शोषण का शिकार है और यही वजह है कि पड़ोसी राज्यों हरियाणा व पंजाब के किसानों जैसी खुशहाली के लिए उत्तर प्रदेश का किसान आज भी तरस रहा है। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष मनीष त्यागी, जिला महासचिव राकेश मोगा, जिला सचिव मधु सहगल, दाऊद हसन, आबिद हसन, जाकिर, परवेज चकवाली, स. हनी सिंह, अनीस मलिक, मशहूर खान आदि मौजूद रहे।