कांग्रेसजनों ने जिला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन, जिला प्रशासन को दिया ज्ञापन
- सहारनपुर में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते कांग्रेसजन।
सहारनपुर। प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ की भगदड़ में मृतकों की सही जांच कराए जाने की मांग को लेकर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के निर्देशानुसार आज जिला एवं महानगर कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान व जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा के नेतृत्व में कांग्रेसजन कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए जहां उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ के दौरान मारे गए तीर्थयात्रियों के परिजनों के लिए न्याय की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेसजनों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की। जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में हुई यह दुर्घटना अत्यंत दुखदाई है। उन्होंने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार आज तक मृतकों की सूची जारी नहीं कर सकी। संदीप राणा ने कहा कि जहां एक और प्रतिदिन सरकार कुंभ में स्नान करने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं का आंकड़ा देती है, वहीं दूसरी ओर इस भगदड़ में मारे गए सैकड़ो तीर्थ यात्रियों की लिस्ट भी जारी नहीं कर रही।
जिलाध्यक्ष ने प्रदेश सरकार की इस नीति की आलोचना करते हुए कहा कि लिस्ट जारी न होने की वजह से पीडि़त परिवारों को भयंकर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा ने मृतकों की लिस्ट के साथ-साथ महाकुंभ में लापता हुए लोगों को शीघ्र अति शीघ्र ढूंढे जाने की मांग की। प्रदेश सचिव अशोक सैनी व पूर्व प्रदेश सचिव प्रवीण चैधरी ने कुंभ में मची भगदड़ के लिए तीर्थ नगरी की बदहाल व्यवस्थाओं को दोषी ठहराया।
प्रदर्शनकारियों जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, प्रदेश सचिव अशोक सैनी, पूर्व प्रदेश सचिव प्रवीण चैधरी, पीसीसी सदस्य अक्षय चैधरी, जिला उपाध्यक्ष मनीष त्यागी, आरिफ खान, सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, जिला कोषाध्यक्ष हरिओम मिश्रा, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, गुलफाम अंसारी, इकराम खान, मोहम्मद इनाम, नसीब खान, रफत अब्बास, सतीश कश्यप, राजेश, राकेश वर्मा आदि शामिल रहे।