बढ़ती महंगाई के खिलाफ अलग-अलग स्थानों पर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

बढ़ती महंगाई के खिलाफ अलग-अलग स्थानों पर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
  • सहारनपुर में बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करते कांग्रेसजन।

सहारनपुर [24CN] । कांग्रेस के विभिन्न फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई व दिन-प्रतिदिन महंगे हो रहे पेट्रोल-डीजल व अन्य पेट्रोलियम पदार्थों के खिलाफ अनेक स्थानों पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपकर बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाए जाने की मांग की।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा व प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष अरविंद पालीवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोर्ट रोड स्थित पेट्रोल पम्प पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। जबकि पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष व सहारनपुर मंडल प्रभारी अशोक सैनी व युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नितिन शर्मा के नेतृत्व में सदर तहसील पर प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि तेल कम्पनियां दिन-प्रतिदिन पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर जनता की जेबों पर डांका डाल रही है और भाजपा सरकार इस लूट में बराबर की हिस्सेदार है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की बढ़ी कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग की।

इस दौरान सौंपे ज्ञापन में कांग्रेसजनों ने कहा कि विगत 60 दिनों में 40 बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं और गैस सिलेंडर भी 800 रूपए पार जाने की तैयारी में है, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार जनता को लूटकर अपनी कमाई बढ़ाने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि आज उपभोक्ता को सभी वस्तुएं अपने सर्वकालिक उच्चतम मूल्य पर उपलब्ध हो रही हैं और सरकार जनता को कोई राहत देने के मूड में दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने राष्ट्रपति से मांग की कि यदि भाजपा सरकार स्थिति को नियंत्रित नहीं कर पाती तो ऐसी सरकार को बर्खास्त किया जाए।

प्रदर्शनकारियों में ग्राम प्रधान संजय वालिया, बलराम सिंह, रविकुमार, नरसिंह प्रधान, राजेश कुमार, अमन कुमार, संदीप वालिया, महेंद्र सिंह, कय्यूम अहमद, रिजवान, छोटा, दीपक लाम्बा, जितेंद्र कुमार, सोनी कुमार, अज्जू कुमार, जोनी, अर्जुन, रवि नौटियाल, आशु नौटियाल, उमेश सहगल, अंकित राणा आदि मौजूद रहे।