कांग्रेसजनों ने हर्षोल्लास के साथ मनाया पार्टी का स्थापना दिवस

कांग्रेसजनों ने हर्षोल्लास के साथ मनाया पार्टी का स्थापना दिवस
  • सहारनपुर में कांग्रेस के स्थापना दिवस पर ध्वजारोहण करते पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN]। जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस के 137वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में आगामी विधानसभा चुनाव में जनपद की सातों विधानसभा सीटों पर जीत का परचम लहराने का संकल्प लिया गया। महानगर कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ राष्ट्रगीत के पश्चात कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने ध्वजारोहण के साथ किया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के मेम्बर जावेद साबरी, सेवादल के जिलाध्यक्ष इमरान कुरैशी ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में कांग्रेस के योगदान व देश के भविष्य के लिए रखी गई नींव में कांग्रेसजनों व पूर्व सरकारों द्वारा जनहित में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए चौ. मुजफ्फर अली ने प्रत्येक असहमति की आवाज को सुनना ही लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा की सरकारें जनता और विपक्ष की आवाज को दबाकर देश के लोकतंत्र को कमजोर करने का काम कर रही हैं।

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य जावेद साबरी ने सभी कांग्रेसजनों से देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि आज भाजपा सरकारें जनहित के मुद्दों से भटककर देश के लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि कांग्रेसजन देश के लोकतंत्र एवं साम्प्रदायिक सौहाद्र्र की खातिर हर कुर्बानी देने को तैयार है।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष मनीष त्यागी, स. चंद्रजीत सिंह निक्कू, सेवादल के महानगर अध्यक्ष अमरदीप जैन, गुलफाम अंसारी, मधु सहगल, मुनीष सहगल, जावेद हसन, सादाब चौधरी, धर्मपाल जोशी, नरेंद्र शर्मा, नीरज कपिल, इकराम खान, गुलशेर, मुर्सलीन मद्धा, सौरभ भारद्वाज, रजनी नौटियाल, घनश्याम पंत, प्राण नाथ, रवि कुमार, सतीश कुमार, रामशरण एडवोकेट, प्रभजीत आदि मौजूद रहे।