सभी तहसील व ब्लाक मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करेंगे कांग्रेसजन: दीपक

- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री दीपक कुमार।
सहारनपुर। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने जिन प्रश्नों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद में पूछा था, आज तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी प्रश्नों के जवाब से बचकर भाग रहे हैं।
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री दीपक कुमार आज यहां गुरूद्वारा रोड स्थित महानगर कांग्रेस कार्यालय पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने उद्योगपति अडानी के सम्बंध में पीएम मोदी से पांच सवाल पूछे थे कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उद्योगपति गौतम अडानी के बीच क्या रिश्ता है और उद्योगपति गौतम अडानी के व्यापार में विदेशों से आया 20 हजार करोड़ रूपया किसका है? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकारी विदेश यात्राओं में कितनी बार उद्योगपति गौतम अडानी को अपने साथ ले गए और अडानी को प्रधानमंत्री द्वारा किन-किन देशों से ठेके दिलवाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता का ध्यान इन असल मुद्दों से भटकाने के लिए भाजपा का सम्पूर्ण प्रचार तंत्र नीरव मोदी, ललित मोदी, मेहुल चौकसी जैसे देश के आर्थिक भगौड़ों को पिछड़ी जाति का बताकर राहुल गांधी पर पिछड़ी जाति के अपमान का आरोप लगाकर देश में दुष्प्रचार कर रहे हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली व पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल ने कहा कि भाजपा के इस दुष्प्रचार से देश की जनता अब आजिज आ चुकी है। देश के नागरिक अब मुद्दों से भटकाने की भाजपा की नीति को भलीभांति समझ गए हैं। उन्होंने कहा कि इस श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए कल पूरे प्रदेश के साथ-साथ जनपद सहारनपुर की सभी पांच तहसीलों व 11 ब्लाक मुख्यालयों पर राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने के विरोध में राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपे जाएंगे। वार्ता के दौरान महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अशोक सैनी, गणेश दत्त शर्मा, मनीष त्यागी, हरिओम मिश्रा, इमरान कुरैशी, धर्मपाल जोशी, दानिश खान, नसीब खान, प्रभजीत, अमरदीप जैन, जमाल अहमद आदि मौजूद रहे।