प्रतिज्ञा यात्रा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता

- सहारनपुर में कांग्रेस की बैठक को सम्बोधित करते जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली।
सहारनपुर [24CN]। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव डा. संजीव शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पदयात्राओं के माध्यम से गांव-गांव में घर-घर तक पहुंच सुनिश्चित कर प्रत्येक व्यक्ति से सम्पर्क करके संवाद स्थापित करेंगे और उन्हें जनहित में प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञाओं से अवगत कराएंगे। प्रदेश महासचिव डा. संजीव शर्मा आज यहां गुरूद्वारा रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को यात्राओं की सफलता के सम्बंध में जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
प्रदेश सचिव गौरव भाटी ने कहा कि पदयात्राओं से जहां एक ओर हम पार्टी के कार्यक्रमों व नीतियों को आम जन तक पहुंचाने में सफल होंगे। वहीं दूसरी ओर उन्हें भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के बारे में भी बता सकेंगे। उन्होंने सभी ब्लाक अध्यक्षों, न्याय पंचायत अध्यक्षों व ग्राम कमेटी के अध्यक्षों से अपने-अपने ब्लाक में यात्राओं की सफलता के लिए कर्मठता से कार्य करने की अपील की।
जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने कहा कि भाजपा हटाओ- महंगाई भगाओ कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा जनपद के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा में 80 किलोमीटर तक यात्रा निकाली जाएगी और यात्रा को दो-दो दिनों के चार चरणों में पूरा किया जाएगा। प्रत्येक चरण के बीच एक दिन अवकाश होगा। उन्होंने कहा कि सभी ब्लाक अध्यक्ष अपने क्षेत्र में यात्रा के संचालन व रूट निर्धारण की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जबकि जिला व महानगर पदाधिकारीगण ब्लाक कमेटी, न्याय पंचायत अध्यक्ष पदाधिकारी व गांव कमेटी व सम्बंधित विधानसभा में सम्भावित प्रत्याशी दावेदार उनके सहयोगियों के रूप में काम करेंगे। बैठक में देवेंद्र राणा, संजय पंवार, अंकुर सैनी, अजय गुर्जर, चौ. रणवीर, मो. गुलफाम मलिक, शिव कुमार राणा, चौ. गालिब, ओमपाल सिंह डोंकोवाली, अशोक सैनी, हरिओम मिश्रा, चंद्रजीत सिंह निक्कू, मनीष त्यागी, इंदौर सिंह, मधु सहगल, गुलफाम अंसारी, सतपाल बर्मन, नसीब खान आदि सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।