महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता, सौंपा ज्ञापन

- सहारनपुर में जिला मुख्यालय पर नारेबाजी करते कांग्रेस कार्यकर्ता।
सहारनपुर [24CN]। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश में बढ़ती महंगाई के विरोध में चलाए जा रहे महंगाई मुक्त भारत अभियान के तहत जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर पेट्रोल, डीजल व गैस के दामों को कम करने की मांग की।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा के संयुक्त नेतृत्व में कोर्ट रोड स्थित आयकर भवन पर एकत्र हुए तथा कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी व प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देशानुसार मार्च निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर देश की जनता को महंगाई से मुक्ति दिलाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने कहा कि तेल कम्पनियों को लाभ पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार ने उन्हें जनता को लूटने का जो अधिकार प्रदान किया है, हम उसका विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि जब चुनाव के दौरान तेल कम्पनियों ने 137 दिन तक दाम नहीं बढ़ाए तो अब चुनाव परिणाम आते ही जनता की जेब पर डाका डालना क्यों शुरू कर दिया। उन्होंने जनता के साथ हो रही इस लूट में भाजपा सरकार को बराबर की हिस्सेदार बताते हुए कहा कि सरकार को इस लूट को बंद कर जनता को राहत देने की पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ईंधन व पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्यों में बेलगाम वृद्धि के चलते सभी खाद्य वस्तुओं व जरूरत की वस्तुओं के मूल्यों में बेजां वृद्धि हो रही है। इसके लिए भाजपा की जनविरोधी सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है। महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि सरकार एक ओर जहां डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ा रही है, वहीं टोल टैक्स में बेजां वृद्धि करके लोगों के यातायात को खर्चीला बनाकर जनता पर महंगाई की दोहरी मार कर रही है।
प्रदर्शनकारियों में अशोक सैनी, रणधीर सिंह, राहत खलील, गणेश दत्त शर्मा, मनीष त्यागी, चंद्रजीत सिंह निक्कू, हरिओम मिश्रा, नितिन शर्मा, सचिन काम्बोज, गौरव वर्मा, नीरज कपिल, तंजीत सिद्दीकी, अजय त्यागी, अमित काम्बोज, अशोक शर्मा, सोनू पठान, वीरसैन उपाध्याय, इकराम खान, सौरभ भारद्वाज, देवेंद्र कौशिक, अरविंद बंसल, धर्मपाल जोशी, अमरदीप जैन, आरिफ मंसूरी, जब्बार अहमद, नसीब खान, प्राणनाथ, अफजाल कुरैशी, राजेंद्र कुमार, मौहम्मद अली आदि मौजूद रहे।