खाद की किल्लत को लेकर जिला मुख्यालय पर गरजे कांग्रेस कार्यकर्ता

खाद की किल्लत को लेकर जिला मुख्यालय पर गरजे कांग्रेस कार्यकर्ता
  • सहारनपुर में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।

सहारनपुर [24CN]। जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने डीएपी खाद उपलब्ध न होने व खाद की हो रही कालाबाजारी के खिलाफ जिला मुख्यालय पर जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर किसानों पर हो रहे अत्याचारों की जांच कराकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा फसल की बुवाई के मौसम में किसानों को खाद की उपलब्धता सुश्चित कराने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि किसानों की समस्याओं के प्रति भाजपा सरकार के उदासीन रवैये ने प्रदेश के अन्नदाता किसानों को बर्बादी के कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर लम्बे समय से संघर्षरत है लेकिन प्रदेश सरकार किसानों के शोषण की नीति का त्याग करने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों का शोषण कदापि बर्दाश्त नहीं करेगी और किसान हित में लम्बे संघर्ष के लिए भी तैयार है।

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य जावेद साबरी ने कहा कि कांग्रेस सरकारों के शासनकाल में लिए गए किसान हितैषी निर्णयों की बदौलत ही आज हमारा देश खाद्यान्न के मामले में आत्मनिर्भर है। कांग्रेस ने खाद्यान्न संकट से निपटने के लिए एक ओर जहां हरित क्रांति का श्रीगणेश किया था। वहीं दूसरी ओर श्वेत क्रांति भी चलाई गई थी परंतु अब भाजपा सरकारें पूंजीपतियों के दबाव में किसानों को बर्बाद करने पर आमादा हैं जिसे कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।

प्रदर्शनकारियों में अशोक सैनी, गणेश दत्त शर्मा, आरिफ खान, मनीष त्यागी, चंद्रजीत सिंह निक्कू, संजय वालिया, सतपाल बर्मन, मधु सहगल, जादोराम गुप्ता, विशाल भारद्वाज, नीरज कपिल, अमरदीप जैन, धर्मपाल जोशी, सचिन वर्मा, गुलशेर अलवी, सौरभ भारद्वाज, विजयपाल रावत, राहिल सैफी, इंतजार सोनू, रवि कुमार, विक्रम चंदेल, मो. आसिफ खान, प्रवीण वाल्मीकि, सोनू वाल्मीकि, सुनील निक्कू, सुमित भारती, राहुल कुमार आदि शामिल रहे।