कांग्रेस उत्तर प्रदेश में निकालेगी 12 हजार किलोमीटर की ‘हम वचन निभाएंगे’ कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा

- प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस को ही उत्तर प्रदेश में हर घर तक पहुंचाने के लिए 12 हजार किलोमीटर की हम वचन निभाएंगे कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा निकालेंगे। जिससे कि पार्टी हर व्यक्ति के बेहद करीब जा सके।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को पुराना गौरव वापस दिलाने के साथ ही 2022 के विधानसभा चुनाव में कुछ अप्रत्याशित करने की योजना के साथ पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लखनऊ में मैराथन बैठक शुरू कर दी है। गुरुवार को दिन में लखनऊ पहुंचीं कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा दो दिन तक मैराथन बैठक करेंगी।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तैयारी पर पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लखनऊ में अपने दो दिन के प्रवास में गहन मंथन कर रही है। लखनऊ में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पंडित गोविन्द वल्लभ पंत की जयंती पर उनको नमन किया।
उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर अपनी योजना साझा की। प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस को ही उत्तर प्रदेश में हर घर तक पहुंचाने के लिए 12 हजार किलोमीटर की ‘हम वचन निभाएंगे’ कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा निकालेंगे। जिससे कि पार्टी हर व्यक्ति के बेहद करीब जा सके। पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने सलाहकार और रणनीति कमेटी के साथ बैठक में आगामी चुनावी अभियानों और कार्यक्रमों पर गहन मंथन किया। कांग्रेस सलाहकार समिति और रणनीति कमेटी ने पूरे उत्तर प्रदेश में कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा निकालने का निर्णय लिया। यात्रा हर बड़े गांवों और कस्बों से होकर गुजरेगी। प्रियंका गांधी ने इस यात्रा के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर दी है। इसके बाद भी यात्राओं के रूट और मुद्दों पर सलाहकार और रणनीति कमेटी के सदस्यों से सलाह ले रही हैं।
प्रियंका गांधी वाड्रा विशेष तौर पर हर गांव कांग्रेस के अभियान की समीक्षा कर रही हैं। इसको लेकर हर जोन से जुड़े पदाधिकारियों को जोन पर कार्य की लिखित जानकारी के साथ पहुंचने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में मौजूदा सियासी और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए मिशन 2022 को लेकर रणनीति भी बनाएंगी।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज सबसे पहले यूपी कांग्रेस की एडवाइजरी एंड स्ट्रेटजी कमेटी के साथ बैठक की। इसके बाद इलेक्शन कमेटी के साथ बैठक के बाद प्रियंका जोनवार बैठक करेंगी। प्रियंका गांधी विधानसभा चुनावों को लेकर उत्तर प्रदेश के सियासी और जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अपने उम्मीदवारों का चयन और उनके नामों की घोषणा के साथ प्रमुख चुनावी मुद्दों को लेकर अहम रणनीति भी बनाएंगी। प्रियंका गांधी की सलाहकार और रणनीति कमेटी के बैठक के बाद प्रदेश चुनाव कमेटी के साथ बैठक होगी। इसके साथ ही पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं के साथ उनका शनिवार को भी संवाद होगा।
प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कांग्रेस कार्यालय में चल रही बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के साथ विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ तथा विधान परिषद के नेता दीपक सिंह भी मौजूद हैं।