‘कायर और समझौतावादी’: अमेरिकी वित्त मंत्री Scott Bessent के बयान पर कांग्रेस का मोदी सरकार पर तीखा प्रहार
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट द्वारा फॉक्स न्यूज को दिए साक्षात्कार की एक वीडियो क्लिप साझा की जिसमें उन्होंने कहा है कि अमेरिका के कहने पर भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया था।
कांग्रेस ने शनिवार को अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के एक हालिया बयान का हवाला देते हुए केंद्र की मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। कांग्रेस ने सरकार पर अपनी संप्रभुता से समझौता करने और अंतरराष्ट्रीय दबाव में “कायरतापूर्ण” व्यवहार करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने मोदी सरकार पर अपने हमले तेज कर दिए और उस पर ‘‘कायर और समझौतावादी’’ होने का आरोप लगाया।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट द्वारा फॉक्स न्यूज को दिए साक्षात्कार की एक वीडियो क्लिप साझा की जिसमें उन्होंने कहा है कि अमेरिका के कहने पर भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया था, लेकिन दुनिया भर में तेल की उपलब्धता की कमी के कारण भारत को फिलहाल के लिए रूस से ‘‘तेल खरीदने की अनुमति’’ दे दी गई है। रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘अमेरिकी वित्त मंत्री ने मोदी सरकार को राष्ट्रपति ट्रंप के आदेशों का ईमानदारी से पालन करने का प्रमाण पत्र दिया है।
भारत लंबे समय से यह कहता रहा है कि वह अपने राष्ट्रीय हितों के आधार पर रूस से सस्ता तेल खरीद रहा है और उसने किसी भी पश्चिमी दबाव के आगे घुटने नहीं टेके हैं। हालांकि, अमेरिकी वित्त मंत्री का यह बयान भारत के इस आधिकारिक स्टैंड के बिल्कुल विपरीत है। स्कॉट बेसेंट के इस बयान ने विपक्षी दलों को एक बड़ा मुद्दा दे दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि विदेश मंत्रालय (MEA) इस पर क्या स्पष्टीकरण देता है। क्या भारत इस दावे का खंडन करेगा, या फिर यह विवाद ‘डैमेज कंट्रोल’ की भेंट चढ़ जाएगा?
