गोरखपुर। चंपा देवी पार्क में प्रियंका गांधी वाड्रा की रैली के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप थमने का नाम नहीं ले रहा। राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर भाजपाइयों ने पलटवार किया तो कांग्रेसियों ने भी भाजपा को निशाना बनाया।
प्रियंका गांधी ने दिखाया आइना : विश्वविजय
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विश्वविजय सिंंह ने कहा कि गोरखपुर की रैली में प्रियंका गांधी ने भाजपा को आइना दिखाया है। भाजपाई इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।
प्रियंका गांधी की रैली से हताश हैं भाजपाई
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री डा. सैय्यद जमाल ने कहा कि जब भाजपाई प्रियंका गांधी वाड्रा पर टिप्पणी कर रहे थे तब उन्हें समझ में नहीं आया कि उंगली उन पर भी उठ सकती है। अब प्रियंका और भूपेश बघेल ने खरी-खरी सुना दी तो भाजपाई भड़कने लगे है। उन्हें जनता सबक सिखाएगी। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अनिल सोनकर ने कहा कि भाजपा के नेता खुद मनगढ़ंत बयान जारी करते हैं और जब कांग्रेसी सही बोल रहे हैं तो उन्हें कष्ट हो रहा है। प्रह्लाद कुशवाहा ने कहा प्रियंका गांधी की रैली से विपक्षी हताश हैं। कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान जोनल प्रवक्ता डा. पीएन भट्ट ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार अपनी नाकामी पर कुछ नहीं बोलतीं।
रैली में भीड़ देख परेशान भाजपा नेता
कांग्रेस दलित जोड़ो अभियान समिति के जिलाध्यक्ष प्रभु कनौजिया ने कहा कि भाजपा के नेता प्रियंका की रैली में भीड़ देख परेशान हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य महेंद्र मोहन उर्फ गुड्डू तिवारी , युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इं. अभिजीत पाठक ने कहा प्रियंका की रैली से विपक्षी दलों में खलबली मची है। कांग्रेस कमेटी अनुसूचित विभाग के महासचिव इं. अमित कनौजिया, अध्यक्ष मनीष गौतम एसए रहमान, दिलदार हुसैन, सुमित पांडेय, रामाशीष निषाद, मिथिलेश विश्वकर्मा, शैलेंद्र यादव, गेना, राजीव कुमार सिंह, अंशुमान पाठक, ब्रह्मानंद वर्मा आदि ने भी विचार रखे।