थरूर के ‘नेपो किड’ वाले बयान पर कांग्रेस का आया रिएक्शन, क्यों लिया ममता बनर्जी का नाम?

थरूर के ‘नेपो किड’ वाले बयान पर कांग्रेस का आया रिएक्शन, क्यों लिया ममता बनर्जी का नाम?

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने हाल ही में ओपिनियन पोर्टल प्रोजेक्ट सिंडिकेट पर एक लेख लिखा था, जिसमें उन्होंने राजनीतिक वंशवाद पर टिप्पणी की थी।। थरूर को फोकस इस बात पर था कि कैसे वंशवाद से प्रेरित राजनीति शासन की गुणवत्ता का कमजोर करती है।

थरूर के इस लेख को भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ हथियार बना लिया और राहुल गांधी को नेपो किड व तेजस्वी यादव को छोटा नेपो किड बताकर हमला बोला। कांग्रेस ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन पार्टी के नेताओं ने गांधी परिवार का बचाव करते हुए रिएक्शन दिए हैं।

‘भारत के किसी परिवार में इतना समर्पण नहीं’

कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, ‘वंशवाद केवल राजनीतिक तक ही सीमित नहीं है। ये तो हर क्षेत्र में फैला है। डॉक्टर का बेटा डॉक्टर बनता है। बिजनेसमैन का बेटा बिजनेस संभालता है। इसलिए राजनीति भी इसका अपवाद नहीं है।’ उदित राज ने कहा कि नायडू से लेकर पवार तक, डीएमके से लेकर ममता तक, मायावती से लेकर अमित शाह के बेटे तक वंशवाद के कई उदाहरण हैं।

वहीं कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जवाहर लाल नेहरू को देश का सबसे योग्य प्रधानमंत्री बता दिया और गांधी परिवार के त्याग-समर्पण का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘पंडित नेहरू इस देश के सबसे योग्य पीएम थे। इंदिरा गांधी ने अपने प्राणों की आहुति दे दी। राजीव गांधी ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की सेवा की। भारत के किस परिवार में इतना त्याग, समर्पण और क्षमता थी? क्या भाजपा में थी?’

कांग्रेस के एक और नेता राशिद अल्वी ने भी न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, ‘लोकतंत्र में जनता फैसले लेती हैं। आप किसी पर प्रतिबंध नहीं लगा सकते कि आपके पिता सांसद थे, इसलिए आप चुनाव नहीं लड़ सकते। यह तो हर क्षेत्र में हो रहा है।’