केंद्रीय गृह राज्यमंत्री की बर्खास्ती की मांग को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
- सहारनपुर में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते कांग्रेसजन।
सहारनपुर [24CN]। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी की बर्खास्तगी की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर अविलम्ब अजय मिश्रा टेनी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त किए जाने की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा के नेतृत्व में एकत्र होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा व प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देशानुसार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने कहा कि लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्या की साजिश के आरोपी मंत्री को केंद्रीय मंत्रिमंडल से बर्खास्त न किया जाना भाजपा की अपराधियों को संरक्षण देने की नीति का ज्वलंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने भी किसानों को गाड़ी से कुचलने को साजिश माना है और जब इस साजिश में प्रयुक्त वाहन केंद्रीय गृह राज्यमंत्री का है और घटना को अंजाम देने वाला स्वयं उनका पुत्र ही है तो पुलिस ने निष्पक्ष जांच की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी को केंद्रीय मंत्रिमंडल से तुरंत बर्खास्त किए जाने की मांग की।
महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा ने कुछ पहले ही किसानों को चेतावनी दी थी और वह इस साजिश में संलिप्त हैं। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऐसे जघन्य अपराध में संलिप्त मंत्री को तुरंत बर्खास्त करना चाहिए। प्रदर्शनकारियों में गणेश दत्त शर्मा, प्रवीण चौधरी, अशोक सैनी, मनीष त्यागी, आरिफ खान, स. चंद्रजीत सिंह निक्कू, हरिओम मिश्रा, अरविंद पालीवाल, नितिन शर्मा, तरूण वालिया, राजकुमार सैनी, नसीब खान, राकेश वर्मा, मधु सहगल, इकराम खान, आरिफ मंसूरी, धर्मवीर जैन, धर्मपाल जोशी, गुलफाम अंसारी, नीरज कपिल, राजकुमार भारद्वाज, सुरेंद्र गुप्ता, अक्षय चौधरी, संजय पंवार, प्रवीण वाल्मीकि, रवि कुमार, मोहित शर्मा, राजा फरीद, आरिफ सिद्दीकी, सौरभ भारद्वाज, प्राणनाथ आदि मौजूद रहे।