जनता की लड़ाई लडऩे में कांग्रेस अग्रणी: अख्तर
सहारनपुर [24CN] । सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक मसूद अख्तर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की लड़ाई लडऩे व लोगों को न्याय दिलाने में अग्रणीय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया। विधायक अख्तर आज यहां सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र के गांव सलेमपुर भूखड़ी में संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर किसान व मजदूरों के उत्पीडऩ का आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी को केवल पूंजीपतियों के हितों की चिंता है। प्रदेश सचिव मुनेंद्र सूद वाल्मीकि ने कहा कि कांग्रेस संगठन गांव-गांव जाकर जन-जन से सम्पर्क कर पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने का काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्येक नागरिक को उसका हक दिलाने के लिए संघर्षरत है और राष्ट्रहित में किसानों की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लडऩे के लिए कृतसंकल्प है। जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली गुर्जर ने कहा कि जनता में कांग्रेस के प्रति बढ़ रहे विश्वास को देखते हुए हम यह कह सकते हैं कि कांग्रेस प्रियंका गांधी के नेतृत्व में संघर्ष करते हुए उत्तर प्रदेश में 2022 में सरकार बनाएगी। कार्यक्रम को जिला उपाध्यक्ष अशोक सैनी, पुवांरका ब्लाक अध्यक्ष शिवकुमार राणा, जिला महासचिव मुनीष त्यागी ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में डा. अंसार को सलेमपुर भूखड़ी न्याय पंचायत का अध्यक्ष व अमरजीत सिंह राणा को पुवांरका ब्लाक का सचिव नियुक्त किया गया। इस दौरान मो. इदरीश, आरिफ खान, गुलफाम अंसारी, अमरजीत सिंह राणा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।