असम में कांग्रेस सांसद ने छोड़ी पार्टी, शिवसेना UBT की प्रियंका चतुर्वेदी को सताई चिंता, कहा- यह शर्मनाक है
असम के पूर्व कैबिनेट मंत्री और नगांव से दो बार सांसद रह चुके प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. इस बीच शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कांग्रेस नेताओं के पार्टी छोड़ने को लेकर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने नेताओं के पार्टी छोड़ने और कांग्रेस में चल रहे घमासान पर कहा कि यह जो हो रहा है यह शर्मनाक है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं में बाहर जाने का सिलसिला चल रहा है. राज्यसभा चुनाव में भी क्रॉस वोटिंग हमें दिखी है.
उन्होंने आगे कहा कि क्या दवाब पड़ रहा है या फिर उनके काम के प्रति क्या दिक्कतें खड़ी कर रहे हैं यह चिंता का विषय है. सत्ता पक्ष किस तरह से साम-दाम दंड-भेद के साथ नेताओं को उनकी जगहों से अस्थिर कर रहा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी दिखा रही है कि उनके पास इतनी प्रतिभा की कमी है कि उनको दूसरी पार्टियों से अपनी पार्टी में समावेश करना पड़ रहा है.
असम के मुख्यमंत्री भी कांग्रेस से गए हुए हैं- प्रियंका चतुर्वेदी
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि बीजेपी के अनेक कार्यकर्ता और खासकर असम में वहां के मुख्यमंत्री भी कांग्रेस से गए हुए हैं. इतने सारे जो बीजेपी के कार्यकर्ता हैं उनके मन में द्वेष आता होगा कि झंडा लेकर वो चलें और पैराशूट करके दूसरी पार्टी से लोगों को लेकर आया जाता है.
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर क्या कहा?
शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर महागठबंधन को मिली हार पर कहा कि अब राज्यसभा चुनाव में भी खुलेआम ‘हॉर्स-ट्रेडिंग’ हुई है. बिहार में कांग्रेस के तीन विधायकों ने वोट नहीं किया. बता दें कि महागठबंधन जिस एक सीट पर जीत का दावा कर रहा था, उस पर भी एनडीए को जीत मिल गई. बता दें कि पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद कांग्रेस में सियासी उठापटक देखने को मिली रही है.
