पुतला दहन की घोषणा पर कांग्रेस नेताओं को किया हाउस अरेस्ट
- सहारनपुर में हाऊस अरेस्ट किए गए कांग्रेस नेता।
सहारनपुर। जिला एवं महानगर कांग्रेस के संयुक्त तत्वाधान में असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा का पुतला दहन करने की घोषणा के बाद प्रशासन सतर्क हो गया। संभावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस के कई बड़े नेताओं को उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया।
आज सुबह से ही पुलिस ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी तथा एक दुर्घटना में घायल युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गौरव वर्मा को उनके घरों में ही नजरबंद रखा। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव प्रवीण चैधरी, अशोक सैनी, जिला उपाध्यक्ष वरुण शर्मा, पूर्व सभासद सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, पीसीसी सदस्य अक्षय कुमार, सेवादल महानगर अध्यक्ष अनुज शर्मा, महानगर उपाध्यक्ष नीरज कपिल, प्रभजीत सिंह और नसीब खान समेत अन्य कार्यकर्ताओं को भी पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किया गया।
कांग्रेस पदाधिकारियों का आरोप है कि प्रशासन ने लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के अधिकार का हनन किया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन यह कदम उठाया गया।
