कांग्रेस ही है भाजपा का एकमात्र विकल्प: मुजफ्फर

सहारनपुर [24CN]। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने कहा कि भाजपा का एकमात्र विकल्प कांग्रेस ही है और कांग्रेस ही जनता की समस्याओं का समाधान कर सकती है। जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली सरसावा विकास खंड के गांव सलीरी में जय भारत सम्पर्क महाअभियान के तीसरे दिन किसानों व युवाओं के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में किसानों, मजदूरों, युवाओं व व्यापारियों सहित सभी वर्गों के नागरिकों का शोषण सभी सीमाएं तोड़ चुका है।

उन्होंने कहा कि शहरों में लोगों के रोजगार छिन गए हैं। गांवों के लोगों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। सरकार किसानों की बात सुनने को तैयार नहीं है। वहीं व्यापारियों के व्यापार सरकार की गलत नीतियों के चलते तबाह हो गए हैं।उन्होंने कहा कि एक साल में दो करोड़ रोजगार देने का वायदा करने वाले नरेंद्र मोदी के राज यदि युवा रोजगार की मांग करते हैं तो उन्हें पुलिस की लाठियां झेलनी पड़ती हैं।

इसके अलावा रामपुर मनिहारान विकास खंड के शेरपुर गुर्जर में पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सैनी, नकुड़ विकास खंड के गांव बांदूखेड़ी में युवक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने जिला पंचायत सदस्य सुदेश चौधरी, जिला सचिव निगम चौधरी व अक्षय चौधरी के साथ जनसम्पर्क में जनसंवाद कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।