भाजपा का एकमात्र विकल्प है कांग्रेस: इमरान मसूद

भाजपा का एकमात्र विकल्प है कांग्रेस: इमरान मसूद
सहारनपुर में नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपते कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी।
  • नवगठित जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों को सौंपे गए मनोनयन पत्र, संगठन को मजबूत करने का आह्वान

सहारनपुर। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही वर्तमान समय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एकमात्र मजबूत विकल्प है। कांग्रेस सांसद काजी इमरान मसूद आज कांग्रेस जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार संविधान को कमजोर करने की दिशा में काम कर रही है, जबकि कांग्रेस पार्टी जातिगत जनगणना और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्षरत है। यही कारण है कि सरकार राहुल गांधी से डरती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाएं। कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व के प्रतिनिधि प्रदीप कंसल ने पदाधिकारियों को कार्यों के प्रति सजग रहने और समय-समय पर समीक्षा किए जाने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला कांग्रेस कमेटी में कुल 63 पदाधिकारियों की सूची जारी की गई, जिनमें विनय राणा को कोषाध्यक्ष और गणेश दत्त शर्मा को पुन: जिला प्रवक्ता नियुक्त किया गया। 12 उपाध्यक्ष, 10 महामंत्री और 39 जिला सचिवों की विस्तृत सूची भी जारी की गई है। इसके अलावा जनपद के सभी 11 ब्लॉक क्षेत्रों में नए ब्लॉक अध्यक्ष भी मनोनीत किए गए। महानगर कांग्रेस कमेटी में कुल 40 पदाधिकारियों की घोषणा की गई। वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव व सचिवों को उनके दायित्व सौंपे गए। इस अवसर पर नवगठित जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों को उनके मनोनयन पत्र सौंपे गए और उन्हें शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम से और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

कार्यक्रम में सांसद इमरान मसूद के अलावा जिला संगठन सृजन संयोजक प्रदीप कंसल, महानगर संयोजक सपना सोम, अब्दुल्ला आरिफ, ओम प्रकाश शर्मा, जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा और महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

सभी ने संयुक्त रूप से नवनियुक्त पदाधिकारियों को कांग्रेस का झंडा और नाम-पट्टिका सौंपकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मेहरबान आलम, पूर्व सचिव राहत खलील, डॉ. देवेंद्र कौशिक, जावेद साबरी, नरेंद्र शर्मा, डॉ. रागिब अंजुम, सांसद प्रतिनिधि संदीप वर्मा समेत सभी नवनियुक्त पदाधिकारी व भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *