हिमाचल में मुख्यमंत्री के चेहरे पर उलझ गई कांग्रेस!

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत पाने के बाद भी कांग्रेस मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर उलझ गई है। शुक्रवार को दिन में तीन बार टलने के बाद रात आठ बजे हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में हाईकमान को मुख्यमंत्री चेहरे का निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया। इससे पहले दिनभर राजनीतिक घटनाक्रम गरमाया रहा।

कांग्रेस आलाकमान लेंगे फैसला

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे चल रहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। दोनों दिन में अलग-अलग बैठकें कर रणनीति बनाते रहे। पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में विधायक दल की बैठक में सभी की राय जानी गई। एक पंक्ति का प्रस्ताव पारित कर हाईकमान को मुख्यमंत्री चयन के लिए अधिकृत किया गया है।

आलाकमान को सौंपा जाएगा रिपोर्ट

इसके बाद प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल, पर्यवेक्षक व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बंद कमरे में सभी विधायकों को एक-एक कर राय जानी। पर्यवेक्षक इसकी रिपोर्ट हाईकमान को सौंपेंगे। सूत्रों के मुताबिक कुछ विधायकों ने पर्यवेक्षकों से पहले ही मुलाकात कर राय दे दी थी। रविवार या सोमवार तक अंतिम फैसला ले लिया जाएगा। दोनों धड़ों को शांत करने के लिए मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री भी बनाया जा सकता है।

विधायकों को दिल्ली जाने की जरूरत नहीं

रात 10 बजे पत्रकारों से बातचीत में शुक्ल ने बताया कि बैठक में किसी भी नाम पर चर्चा नहीं हुई। कहा कि मतदान वहां होता है जहां विवाद होता है। लेकिन कांग्रेस में सीएम चेहरे को लेकर कोई विवाद नहीं है। बैठक में मुकेश अग्निहोत्री ने हाईकमान को अधिकृत करने का प्रस्ताव रखा, जिसका सुक्खू ने समर्थन किया। सभी ने कहा कि हाईकमान जो भी निर्णय लेगा, उस पर अमल किया जाएगा।


विडियों समाचार