कांग्रेस प्रत्याशी ने जिला प्रशासन पर लगाया धांधली का आरोप

कांग्रेस प्रत्याशी ने जिला प्रशासन पर लगाया धांधली का आरोप
  • सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते कांग्रेस पदाधिकारी।

सहारनपुर। कांग्रेस के सहारनपुर नगर निगम के महापौर पद के प्रत्याशी प्रदीप वर्मा ने जिला प्रशासन पर एक सोची समझी साजिश के तहत एक पार्टी को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस के सहारनपुर नगर निगम के महापौर पद के प्रत्याशी प्रदीप वर्मा आज यहां अम्बाला रोड स्थित मुख्य चुनाव कार्यालय पर पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे।

उन्होंने जिला प्रशासन पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा एक सोची समझी साजिश के तहत एक पार्टी विशेष को फायदा पहुंचाने के लिए मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में अधिक प्रतिबंध लगाए थे जबकि हिंदू क्षेत्रों में ऐसे प्रतिबंध नहीं लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अधिकार है। एक तरफ तो सरकार अधिक से अधिक वोट डालने की बात कहती है। दूसरी ओर वोट डालने से रोकने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

उन्होंने कहा कि सत्तापक्ष ने सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग किया है जो लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत उनके द्वारा बार-बार चुनाव आयोग द्वारा भेजे गए पर्यवेक्षकों से भी की गई परंतु उनकी कोई बात नहीं सुनी गई तथा उनके वोटरों को मतदान करने से वंचित कर दिया गया। वार्ता के दौरान पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली, महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा, प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी भी मौजूद रहे।