वोट चोरी घोटाले पर कांग्रेस का हमला, बीजेपी व चुनाव आयोग पर मिलीभगत के लगाए आरोप

- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते कांग्रेस पदाधिकारी।
सहारनपुर। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने बीजेपी सरकार और चुनाव आयोग पर वोट चोरी की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा 7 अगस्त को उजागर किए गए वोट चोरी घोटाले से साबित होता है कि भाजपा की कई सरकारें चोरी हुए वोटों के सहारे सत्ता में हैं।
महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी मंगलवार को महानगर कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। त्यागी ने कहा कि चुनाव आयोग जांच से बच रहा है और राहुल गांधी से शपथ पत्र की मांग करके असली मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे ताकि भाजपा की असलियत लोगों को पता चल सके। पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल ने बिहार में 65 लाख मतदाताओं को मताधिकार से वंचित किए जाने को लोकतंत्र की हत्या बताया और कहा कि यदि सरकार व चुनाव आयोग में शर्म बाकी है तो सभी डिजिटल डेटा सार्वजनिक कर निष्पक्ष जांच करानी चाहिए।
चैधरी मुजफ्फर अली ने बताया कि उनके पर्यवेक्षण वाले बिहार के विधानसभा क्षेत्रों में वोटर लिस्ट से 30-30 हजार से अधिक नाम हटाए गए हैं, जो मताधिकार का हनन है। पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सैनी ने इसे नागरिकों के मौलिक अधिकारों की हत्या करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा ने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव से पहले उनके और परिवार के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए थे, जबकि उनके पास वोट स्थानांतरण के प्रमाण मौजूद हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सहारनपुर में भी ऐसे अनेक मामले सामने आ सकते हैं। वार्ता के दौरान पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, पूर्व जिलाध्यक्ष चैधरी मुजफ्फर अली, पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सैनी, जिला उपाध्यक्ष नितिन शर्मा, सेवादल जिला अध्यक्ष इमरान कुरेशी सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
