गन्ना तौल में अनियमितता का आरोप, जिलाधिकारी से की शिकायत
- सहारनपुर में जिलाधिकारी को पत्र देने जाता पीड़ित किसान।
सहारनपुर। तहसील रामपुर मनिहारान के ग्राम नल्हेड़ा खुर्द के किसान रिंकू ने गन्ना तौल में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है। किसान का कहना है कि उनका गन्ना नल्हेड़ा खुर्द सेंटर पर जाता है, जहां तौल कर्मचारी द्वारा गन्ने की तौल अपने स्तर से की जाती है और वास्तविक वजन से काफी कम दर्शाया जाता है। किसान के अनुसार जब वह अपना गन्ना अन्य स्थानों पर तुलवाते हैं तो वजन अधिक निकलता है, जबकि सेंटर पर पहुंचते ही तौल कम कर दी जाती है। इससे किसान को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और उनकी मेहनत की पूरी कीमत नहीं मिल पा रही है। प्रभावित किसान ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसानों के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो और उन्हें उनका पूरा हक मिल सके।
