द्रोणपुरी औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांसफार्मर पर अवैध लोड जोड़ने की शिकायत

द्रोणपुरी औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांसफार्मर पर अवैध लोड जोड़ने की शिकायत
  • सहारनपुर में मुख्य अभियंता से मुलाकात करते उद्यमी।

सहारनपुर। द्रोणपुरी मिनी औद्योगिक क्षेत्र (ग्राम मेघछप्पर, अंबाला रोड, सहारनपुर) के समस्त एमएसएमई निर्यातक उद्यमियों ने मुख्य अभियंता, राजेश कुमार, पीवीवीएनएल, सहारनपुर परिक्षेत्र से उनके कार्यालय में मिलकर ट्रांसफार्मर पर विभागीय नियमों के विपरीत अवैध रूप से अतिरिक्त विद्युत भार जोड़े जाने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई।

उद्यमी दीप नारायण ओझा ने मुख्य अभियंता को अवगत कराया कि द्रोणपुरी मिनी औद्योगिक क्षेत्र के लगभग 10 एमएसएमई उद्यमियों ने आपसी सहयोग एवं अपने निजी व्यय से क्षेत्र में ‘अर्बन’ बिजली कनेक्शन की व्यवस्था कराई थी, जिसके लिए 63 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया था। वर्तमान में इस ट्रांसफार्मर पर लगभग 66 केवीए का भार संचालित हो रहा है, जो कि इसकी निर्धारित क्षमता से अधिक है। उद्यमियों ने आशंका व्यक्त की कि लगातार बढ़ते ओवरलोड के कारण ट्रांसफार्मर के फुंकने या क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो सकती है और औद्योगिक इकाइयों के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। मुख्य अभियंता राजेश कुमार, पीवीवीएनएल, सहारनपुर परिक्षेत्र, सहारनपुर ने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करते हुए समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा। उधमी नवीन सैनी, राजीव शर्मा, राहुल मल्होत्रा, नबील अंसारी, अब्दुल फहाद, मुकररम, नितिन, श्रवण सैनी आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply