जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की बैठक

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की बैठक

सहारनपुर [24CN]। जिलाधिकारी श्री अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में सायं 04ः00 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान तथा जलवायु परिवर्तन एवं मानव स्वास्थ्य कार्यक्रम के अन्तर्गत समीक्षा बैठक की गयी।

बैठक में जिलाधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान से संबंधित सभी विभागों को निर्देश दिये कि सभी विभाग प्रोएक्टिव होकर सौंपी गयी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। बीमारी फैलने का इंतेजार न करते हुए पहले से ही साफ-सफाई, जन जागरूकता, वातावरणीय स्वच्छता, सर्विलेंस आदि सम्पूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

जनपद में 01 अपै्रल से 30 अपै्रल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 17 अपै्रल से 30 अपै्रल तक दस्तक अभियान के दृष्टिगत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पंचायत राज, शिक्षा, नगर विकास, पशुपालन, कृषि एवं सिंचाई, उद्यान आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान को पूर्णत सफल बनाएं। जनपद में मच्छरों के प्रजनन एवं घनत्व की स्थिति की सतत निगरानी, विगत वर्ष के आंकडों के आधार पर निर्धारित हाईरिस्क एरिया तथा संचारी रोग अभियान में पाये गये अधिक मच्छर घनत्व वाले क्षेत्रों में अंतर्विभागीय सहयोग के साथ सघन वाहक एवं मच्छर नियंत्रण गतिविधियां, घरों के अन्दर जाकर मच्छरों के प्रजनन अनुकूल स्थितियों की आशा, आंगनबाडी एवं चेकिंग के लिए लगाये गए अन्य कर्मचारियों द्वारा जांच करना, मच्छरों के प्रजनन पर रोक तथा मच्छरों के काटने से बचाव के उपायों के विषय में जानकारी, पशुपालन विभाग द्वारा सूकरबाडों तथा अन्य पशुबाडों की स्वच्छता के विषय में जानकारी एवं प्रशिक्षण तथा इसका स्थलीय निरीक्षण किया जाए।

श्री अखिलेश सिंह ने जलवायु परिवर्तन के तहत मानव स्वास्थ्य कार्यक्रम के अन्तर्गत आने वाले उष्ण मौसम में संबंधी रोगों के दृष्टिगत भीड भाड वाले स्थानों पर जनमानस हेतु शीतल एवं शुद्ध पेजयल की व्यवस्था, गर्मी से बचाव हेतु शेलटर्स की व्यवस्था, व्यस्त स्थानों पर मौसम के पूर्वानुमान तथा तापमान का डिस्प्ले, हीट वेव से बचाव हेतु उपायों का जनमानस में व्यापक प्रचार-प्रसार, विद्यालयों में हीट वेव से बचाव हेतु उपायों का प्रचार-प्रसार कराया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री विजय कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 संजीव मांगलिक, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ0 अर्चना द्विवेदी, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ0 शिवांका गौड, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती आशा त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।