इंडियन मेडिकल एसोसिएशन सहारनपुर शाखा का रंगारंग होली मिलन समारोह संपन्न
- सहारनपुर में होली मिलन कार्यक्रम में मौजूद आईएमए के पदाधिकारी।
सहारनपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सहारनपुर शाखा द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकित्सकों एवं उनके परिवारजनों ने सहभागिता कर आपसी सौहार्द और एकता का संदेश दिया।
आईएमए अध्यक्ष डॉ. प्रवीण शर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कल्चरल सेक्रेटरी डॉ. दीपशिखा खन्ना एवं उनकी टीम डॉ. पंकज खन्ना, डॉ. महेश ग्रोवर, डॉ. संदीप गर्ग, डॉ. प्रशांत खन्ना, डॉ. रेणु शर्मा, डॉ. वंदना वर्मा, डॉ. साक्षी मलिक और डॉ. नीलम गर्गकृके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम ने आकर्षक सजावट, स्वादिष्ट व्यंजनों और मनोरंजक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
समारोह में सहारनपुर के मेयर डा. अजय सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की शोभा और बढ़ गई। ‘उड़ान ग्रुप’ के बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। कुशल एंकरिंग और विभिन्न कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्साहपूर्ण बनाए रखा।
कार्यक्रम के दौरान आईएमए सदस्यों ने स्विमिंग पूल में डांस पार्टी का भी आनंद लिया, जिससे माहौल और अधिक खुशनुमा हो गया। आईएमए सहारनपुर शाखा की ओर से सचिव डॉ. नीरज आर्या एवं कोषाध्यक्ष डॉ. अनुपम मलिक ने सभी प्रतिभागियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार के आयोजनों के माध्यम से आपसी एकता बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
