कश्मीर-हिमाचल में बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन, यूपी में लुढ़का पारा, शीतलहर पर IMD ने किया अलर्ट
दिल्ली में पड़ने लगी कड़ाके की सर्दी
पहाड़ों की तरफ से चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण दिल्ली में लगातार दूसरे दिन शीत लहर जैसी स्थिति रही और न्यूनतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले भी 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। बृहस्पतिवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा। इससे तीन वर्षों के दौरान दिसंबर में बृहस्पतिवार की सुबह अब तक सबसे अधिक ठंड रही।
पहाड़ों में जारी रहेगी बर्फबारी
स्काइमेट का मानना है कि आगे आठ-दस दिनों तक कोई अन्य विक्षोभ नहीं आने जा रहा। फिर भी पहाड़ों में बर्फबारी जारी रहेगी। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत मैदानी राज्यों में तीन-चार दिनों तक तापमान में गिरावट जारी रहेगी, लेकिन जैसे ही बर्फबारी का असर कम होने लगेगा वैसे ही सर्द हवाएं गर्म होने लगेंगी।
इन राज्यों में भी चलेगी शीतलहर
मौसम विभाग ने दिल्ली-यूपी के साथ ही राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। पंजाब के 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही मेघालय, त्रिपुरा और मणिपुर में कोहरा छाया रहेगा। दक्षिण के तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश जारी रहेगी। मौसम विभाग ने तमिलनाडु में भारी बारिश का अनुमान जाहिर किया है।