‘घर में नशे का पेड़ लगा रखा है’, अखिलेश यादव पर बरसे CM योगी के मंत्री, सपा-बीजेपी में छिड़ी जुबानी जंग

‘घर में नशे का पेड़ लगा रखा है’, अखिलेश यादव पर बरसे CM योगी के मंत्री, सपा-बीजेपी में छिड़ी जुबानी जंग

यूपी में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर बीजेपी और सपा के बीच छिड़ी जुबानी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है. अखिलेश यादव ने बीजेपी को अनरजिस्टर्ड और अंडरग्राउंड लोगों की पार्टी बताया जिस पर योगी सरकार में मंत्री अनिल राजभर ने पलटवार किया और कहा कि वे नशे में घर से निकलते हैं और तथ्य विहीन आरोप लगाते रहते हैं.

अनिल राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया ने अपने घर में नशे का एक पेड़ लगा रखा है और रोज सुबह वहां बैठते हैं और जब उस पेड़ का असर इन्हें पूरी तरह से हो जाता है तो घर से बाहर निकलते हैं और पूरे प्रदेश में घूम-घूमकर तथ्य विहीन बात करना सपा और उनके नेता का फैशन बन गया है.

अखिलेश यादव पर साधा निशाना

मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी भी राष्ट्र की बात करें, ऐसा नहीं हो सकता. यही अखिलेश यादव और यहीं पर इनकी भी सरकार रही, क्या इनकी सरकार में आतंकियों पर से मुकदमे वापस नहीं लिए गए? वो भी ऐसे आतंकियों से मुकदमे हटाए जिन्हें कोर्ट ने आजीवन कारावास तक की सजा सुनाई थी. ये आतंकी या देश विरोधी मानसिकता नहीं है?

अनिल राजभर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम के भाव से काम करता है. सबका साथ, सबका विकास पीएम मोदी और उत्तर प्रदेश में योगी जी की सरकार में किया जा रहा है. ये महिलाओं की बात करके हैं..’लड़कों से गलती हो जाती है’ ये किसने कहा है? ‘देख सपाई, बिटिया घबराई’ ये नारा कहां लगा?

‘यूपी की जनता भूली नहीं सपा की सरकार’

आज महिलाओं की बात की जा रही है. आज विकास की बात कर रहे हैं अपनी सरकार और अपने जमाने को याद कर लें. जब-जब इनकी सरकार बनी तब तब इनके चेहरे बेनक़ाब हुए हैं. यूपी की जनता वो भूली नहीं है.

उन्होंने कहा कि 2024 में सपा को थोड़ी से सफलता क्या मिल गई आज इतना घमंड और इतना गुरूर है कि सिर चढ़कर बोल रहा है. 2027 का चुनाव आ रहा है आप देखना कि सपा को अपना अस्तित्व बचाना मुश्किल हो जाएगा. ये पीडीए की बात करते हैं जब-जब सपा सरकार बनी, सबसे ज्यादा डाका पिछड़े और अति पिछड़े के हकों पर डाला गया. दलित वर्ग को सबसे ज्यादा अपमान किया गया.


Leave a Reply