यूपी के लिए CM योगी का मेगा प्लान, एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का सरकार ने रखा टारगेट

यूपी के लिए CM योगी का मेगा प्लान, एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का सरकार ने रखा टारगेट

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल साइट पर प्रदेशवासियों के नाम एक संदेश जारी करते हुए राज्य के बजट को ‘नवाचार का ऐतिहासिक बजट’ बताया है. उन्होंने कहा कि पिछले 9 सालों में प्रदेश नवनिर्माण और विकास के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ा है. इस दौरान उद्यमशीलता, नवाचार और अधोसंरचना की मजबूत नींव रखी गई है. अब नया बजट उसी नींव पर आधुनिक तकनीक के सहारे भविष्य का निर्माण करेगा.

एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि राज्य को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य पर सरकार तेजी से काम कर रही है. इसके लिए स्टेट डेटा अथॉरिटी बनाई जाएगी, ताकि सटीक और रियल टाइम डेटा मॉनिटरिंग हो सके.

बजट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों पर खास जोर दिया गया है. उत्तर प्रदेश एआई मिशन, एआई डेटा लैब, एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और डेटा सेंटर क्लस्टर जैसी पहल से प्रदेश को वैश्विक तकनीकी केंद्र बनाने की तैयारी है.

25 लाख युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण

सीएम योगी ने बताया कि टेक युवा-समर्थ युवा योजना के तहत 25 लाख युवाओं को नई तकनीकों में ट्रेनिंग दी जाएगी. एमएसएमई, ओडीओपी और स्टार्टअप को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा रहे हैं.

हर मंडल मुख्यालय वाले जनपद में स्पोर्ट्स कॉलेज खोलने की योजना है, ताकि 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 ओलंपिक के लिए खिलाड़ी तैयार किए जा सकें.

महिलाओं और गरीबों पर खास फोकस

महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए महिला उद्यमी उत्पाद विपणन योजना, महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना और श्रमजीवी महिला छात्रावास की घोषणा की गई है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना नया टैक्स लगाए ₹9.12 लाख करोड़ का यह बजट पेश किया गया है, जो युवा, महिला, अन्नदाता और गरीबों की आकांक्षाओं को पूरा करेगा. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में भागीदार बनें.


Leave a Reply