CM योगी ने आजमगढ़ में दुग्ध अवशीतन केंद्र का किया शुभारंभ, महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आजमगढ़ में बाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादक संस्था के नवनिर्मित दुग्ध अवशीतन केंद्र का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने कहा, “पहले आजमगढ़ के नाम पर लोगों को होटल या धर्मशाला में कमरा तक नहीं मिलता था, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है. अब कोई रोकने-टोकने वाला नहीं, बल्कि स्वागत करने वाला है.”
उन्होंने अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए पूछा कि क्या यह कार्य पूर्व की सरकारें कर पातीं, जो रामभक्तों पर गोली चलाने का काम करती थीं. मुख्यमंत्री ने डबल इंजन सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए उत्तर प्रदेश को विकास, सम्मान और आस्था के नए दौर का प्रतीक बताया. समाजवादी पार्टी पर कड़ा प्रहार करते हुए सीएम ने कहा, “सैफई तक विकास कार्य को सीमित रखने वाली इस पार्टी को आजमगढ़ नहीं दिखाई देता, जो बार-बार उसके प्रत्याशी को जिताता है.”
महिलाओं की आत्मनिर्भर से मजबूत होगा राष्ट्र -सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा, “मैं मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी की अध्यक्ष नीरज तथा उनसे जुड़ी 56 हजार से अधिक बहनों का हृदय से अभिनंदन करता हूं कि उन्होंने वह कर दिखाया, जो दूसरों के लिए असंभव प्रतीत होता है. जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है तो पूरा परिवार आत्मनिर्भर होता है, और ऐसे ही आत्मनिर्भर परिवार समाज की मजबूत कड़ी बनते हैं.”
उन्होंने कहा, “जब ये कड़ियां आपस में जुड़ती हैं तो राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव तैयार होती है और विकसित भारत का सपना साकार होता है. आज ऐसे प्रोड्यूसर मॉडल और महिलाओं का आत्मनिर्भर बनना अत्यंत आवश्यक है, और इसी प्रेरक परिवर्तन को अपनी आंखों से देखने के लिए मैं आज विशेष रूप से आजमगढ़ आया हूं.”
अन्नदाता और गो-पालक आर्थिक रूप से सशक्त
सीएम ने कहा, “जब मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी ने आजमगढ़ में इस कार्यक्रम की प्रगति के बारे में बताया, तब शुरुआत में लोगों को संदेह था, लेकिन आज 1.70 लाख लीटर दूध का कलेक्शन, किसानों और गोपालकों को ₹55 प्रति लीटर का उचित मूल्य तथा बिना मिलावट गुणवत्ता की गारंटी ने इस मॉडल की सफलता को सिद्ध कर दिया है. इससे अन्नदाता और गो-पालक आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी और मजबूत हो रही है.”
उन्होंने कहा, “इसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आज हम आजमगढ़ में एकत्र हुए हैं, जो ऋषि-मुनियों की तपोभूमि, विचारकों की धरती और स्वाधीनता आंदोलन की महत्वपूर्ण भूमि रही है, जहां वीर कुंवर सिंह के शौर्य ने फिरंगियों को भागने के लिए मजबूर किया था. आजमगढ़ ने भले ही मुख्यमंत्री दिए होंगे, लेकिन उन लोगों ने आपके यहां काम नहीं किया. मैं आजमगढ़ की जनता से पूछना चाहता हूं कि जिन प्रतिनिधियों को आपने पहले चुना, उन्होंने विकास के लिए क्या किया? आजमगढ़ से मेरा पुराना जुड़ाव रहा है और पीएम मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार को जब यहां विकास का अवसर मिला और उसे धरातल पर उतारा गया.”
पहले लखनऊ जाने में लगते थे 6 घंटे, अब सिर्फ पौने 3 घंटे
सीएम ने कहा, “पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण से आज आजमगढ़ से लखनऊ की दूरी घटकर ढाई से पौने तीन घंटे रह गई है, जबकि पहले 6 घंटे लगते थे. गोरखपुर अब डेढ़ घंटे से भी कम समय में पहुंचा जा सकता है, इसी तरह वाराणसी व प्रयागराज से कनेक्टिविटी भी बेहतर हुई है. पूर्व की सरकारों ने वोट बैंक की राजनीति में महाराज सुहेलदेव जैसे महान योद्धा को भुला दिया था, लेकिन हमारी सरकार ने उनके नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित कर उन्हें सम्मान दिया. यह अयोध्या सिंह हरिऔध जी की पावन धरा है. रांगेय राघव ने यहां साहित्यिक जगत को नई ऊंचाई दी थी.”
मुख्यमंत्री ने कहा, “चीनी मिल के पुनरुद्धार के अलावा मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत तमसा गार्डन एन्क्लेव आवासीय योजना को स्वीकृति के साथ 400 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है, जिसके तहत 2000 से अधिक भूखंडों का विकास लोगों को सस्ते व सुगम आवास उपलब्ध कराए जाएंगे.”
उन्होंने बताया, “सरकार द्वारा आजमगढ़ में विकसित की जा रही आवासीय योजना के अंतर्गत प्लॉटों के साथ कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, पार्क, ओपन जिम, बैंक, स्कूल, अस्पताल, विद्युत सब स्टेशन और सामुदायिक केंद्र सहित सुरक्षा की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. आजमगढ़ एयरपोर्ट का विकास भी हमारी सरकार ने किया है और जन प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित मार्गों के लिए स्वीकृत धनराशि के परिणामस्वरूप आज चारों दिशाओं में फोरलेन कनेक्टिविटी स्थापित हो चुकी है.”
प्रयागराज व बरेली में खुलेंगी नई मिल्क प्रोड्यूसर कंपनियां -सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा, “बाबा गोरखनाथ मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी प्रदेश की पांचवीं ऐसी इकाई बनकर उभरी है, जो महिला स्वावलंबन का सशक्त उदाहरण है. वर्ष 2019 में झांसी में शुरू हुई बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी से आज 72 हजार से अधिक महिलाएं जुड़कर सैकड़ों करोड़ के दुग्ध संग्रहण और वितरण का कार्य कर रही हैं. इसी तरह वाराणसी, आगरा और लखनऊ में भी ऐसी कंपनियां संचालित हो रही हैं. इस बार के बजट में प्रयागराज व बरेली में नई मिल्क प्रोड्यूसर कंपनियों के लिए 200 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है, जो महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को नई दिशा दे रही है.”
सीएम योगी ने कहा, “आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस है, जिसने 46 वर्ष पूरे कर 47वें वर्ष में प्रवेश किया है. 1980 में स्थापित इस दल ने “देश प्रथम” के सिद्धांत पर चलते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा, जबकि अन्य दल परिवार और सीमित क्षेत्रीय विकास तक सिमटे रहे. श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में शुरू हुई यह यात्रा आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हो चुकी है.”
जनसंघ के संकल्प से धारा 370 हटाने तक का सफर -सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा, “जनसंघ के प्रथम संस्थापक अध्यक्ष श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कहा था कि एक देश में दो प्रधान, दो विधान, दो निशान नहीं चलेंगे. इसी संकल्प को साकार करते हुए धारा 370 की समाप्ति की गई और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के संविधान को पूरे देश में समान रूप से लागू किया गया.”
योगी ने कहा, “अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर निर्माण, आतंकवाद पर कठोर प्रहार और गरीब कल्याण की योजनाओं से देश-प्रदेश की तस्वीर बदली है. प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, मुफ्त राशन, बिजली कनेक्शन और आयुष्मान भारत के तहत ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज के माध्यम से सरकार ने विकास और राष्ट्र निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जो भारत को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं.”
पूर्वांचल के विकास पर विपक्ष पर साधा निशाना -सीएम योगी
सीएम ने कहा, “कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, आजमगढ़, मऊ, बलिया व जौनपुर का विकास उनके एजेंडे में कभी नहीं रहा. अगर रहता तो वे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बना सकते थे. महाराज सुहेलदेव के नाम पर विश्वविद्यालय बना सकते थे. लेकिन, डेवलपमेंट उनके एजेंडे का हिस्सा नहीं है. जबकि भारतीय जनता पार्टी का पहला एजेंडा देश प्रथम है. हमारा सब कुछ देश व देशहित के लिए है. पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में पूरी दुनिया का मार्गदर्शन कर रही है.”
उन्होंने कहा, “हम नारा लगाते थे- रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे. अटल जी, आडवाणी जी, जोशी जी के नेतृत्व में यह संकल्प लिया गया था. आडवाणी जी ने रथयात्रा निकाली थी. समाजवादी पार्टी व कांग्रेस इसमें बाधक बन रही थी. डबल इंजन की बीजेपी सरकार आई तो अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि का विवाद समाप्त हुआ और आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है. क्या यह काम समाजवादी पार्टी कर पाती? वह नहीं कर पाती, वे तो रामभक्तों पर गोली चलाने वाले लोग हैं.”
3 करोड़ से अधिक युवाओं को रोजगार -सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा, “जिन कार्यों को कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी कर सकती थीं, वे उनके एजेंडे में कभी नहीं रहे. न विकास, न गरीब कल्याण और न ही बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के संविधान के प्रति सम्मान. पहले गरीब भूख से जूझता था, किसान आत्महत्या करता था और युवाओं को रोजगार नहीं मिलता था, लेकिन डबल इंजन सरकार आने के बाद स्थिति बदली है. 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के माध्यम से 3 करोड़ से अधिक युवाओं को रोजगार और निवेश के जरिए 65 लाख से अधिक युवाओं को काम मिला है. महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, मातृ वंदना योजना, लखपति दीदी योजना और मिल्क प्रोड्यूसर कंपनियों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है.”
उन्होंने कहा,” आजमगढ़ में हरिहरपुर जैसे सांस्कृतिक केंद्र को बढ़ावा देते हुए संगीत विद्यालय की स्थापना, अटल आवासीय विद्यालय, हरिऔध कला केंद्र, पॉलिटेक्निक संस्थान, राजकीय इंटर कॉलेज, दिव्यांगजनों के लिए विशेष विद्यालय और लालगंज में 100 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित अनेक विकास परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं. आज विशेष रूप से यहां बाबा गोरखनाथ मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी से जुड़ी 56 हजार बहनों के परिश्रम और उनकी आत्मनिर्भरता के इस सशक्त मॉडल को देखने आया हूं, जो प्रदेश में महिला सशक्तीकरण का एक नया उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है.”
दुग्ध उत्पादन में महिलाओं की बड़ी भागीदारी -सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं बाबा गोरखनाथ मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी और उससे जुड़ी 56 हजार से अधिक बहनों का अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने आज 1.70 लाख लीटर दूध के कलेक्शन के साथ एक सशक्त मॉडल प्रस्तुत किया है.”
उन्होंने कहा, “इस पूरी प्रक्रिया में गांव स्तर से ही गुणवत्ता की कड़ी जांच, फैट और अन्य तत्वों का परीक्षण, सीलिंग, चिलिंग प्लांट में पुनः जांच और फिर डेयरी तक आपूर्ति सुनिश्चित की जाती है, जहां से दूध और उससे बने उत्पाद मक्खन, घी, आइसक्रीम आदि जनता तक पहुंचते हैं. यह अन्नदाता किसान और गो-पालकों के परिश्रम का परिणाम है. सरकार ने गो-संरक्षण के क्षेत्र में भी व्यापक कार्य किए हैं.”
जहां अवैध बूचड़खाने थे, आज वहां गो-आश्रय स्थल
सीएम योगी ने कहा, “2017 से पहले जहां अवैध बूचड़खाने और तस्करी की समस्या थी, वहां आज 7700 से अधिक गो-आश्रय स्थल, 15 लाख गोवंश संरक्षण की व्यवस्था और मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत प्रति गाय 1500 रुपये प्रतिमाह सहायता दी जा रही है.”
मुख्यमंत्री ने कहा, “इसके अलावा कुपोषित परिवारों को गाय उपलब्ध कराकर पोषण और आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जो प्रदेश के समग्र विकास और सामाजिक सशक्तीकरण का मजबूत आधार बन रहा है. इस तरह हमारी सरकार ने तीन प्रकार की स्कीम चलाई हैं.”
घर-घर जाकर पशुओं के स्वास्थ्य की होगी जांच -सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा, “आज यहां एक नई पहल के तहत मोबाइल वेटनरी यूनिट की शुरुआत की गई है, जो टोल फ्री नंबर पर कॉल मिलते ही घर-घर जाकर पशुओं के स्वास्थ्य की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराएगी. साथ ही कृत्रिम गर्भाधान सेवा का शुभारंभ भी किया गया है, जिससे उन्नत नस्ल की गायों से बेहतर नस्ल की बछिया प्राप्त होने की 90 प्रतिशत तक गारंटी दी जा रही है. इसके अलावा बायोगैस प्लांट को बढ़ावा देते हुए लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया, जो गोबर गैस के माध्यम से घरों में ईंधन की आपूर्ति कर रही हैं. यह पहल न केवल गोसेवा और दुग्ध उत्पादन को बढ़ाती है, बल्कि ऊर्जा में आत्मनिर्भरता का भी मजबूत आधार बनती है.”
मुख्यमंत्री ने कहा, “दुनिया में युद्ध चल रहा है, पेट्रोलियम उत्पादों की हाहाकार है. ऐसे में हम भारतवासियों को प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में गौरव की अनुभूति करनी चाहिए कि भारत में सब कुछ अच्छा चल रहा है. मोदी जी के नेतृत्व में रूफटॉप सोलर योजना के जरिए सस्ती बिजली और गोबर गैस जैसे विकल्पों से देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास हो रहा है. इससे बिजली का बिल 60 फीसदी अपने आप कम हो जाएगा. सीएम ने इस अवसर पर एनडीडीबी और बाबा गोरखनाथ मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी के प्रयासों की सराहना करते हुए आह्वान किया कि आजमगढ़ में एक लाख लखपति दीदी तैयार की जाएं और दुग्ध उत्पादन को बढ़ाकर 2 लाख लीटर तक पहुंचाया जाए, जिसके लिए सरकार हरसंभव सहयोग देने को प्रतिबद्ध है.”
