INDIA गठबंधन के नेतृत्व पर CM उमर अब्दुल्ला का बड़ा बयान, ‘राहुल गांधी ने बीजेपी का मुकाबला…’
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के उस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है जिसमें उन्होंने कहा है कि बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को ‘इंडिया ब्लॉक’ का नेतृत्व करना चाहिए. उमर अब्दुल्ला ने विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने बीजेपी का मुकाबला करते हुए कौन सी कमी रखी है. वो एक ऐसे शख्स हैं जो हमेशा बीजेपी को निशाना बनाते रहे हैं. हमेशा बीजेपी का विरोध करते हैं.
राहुल गांधी से और क्या चाहिए- उमर अब्दुल्ला
‘इंडिया ब्लॉक’ में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर सीएम उमर अब्दुल्ला ने साफ तौर से कहा, ”राहुल गांधी हर मुद्दे पर बीजेपी और सरकार को टारगेट करते हैं. विपक्ष के नेता का यही काम होता है. अब इससे ज्यादा आपको राहुल गांधी से क्या चाहिए. कभी कभार चुनाव में कांग्रेस को कामयाबी नहीं मिलती है लेकिन ‘इंडिया ब्लॉक’ का काम है सरकार को आड़े हाथ लेना, बीजेपी का विरोध करना. मुझे कोई ये बताए कि उसमें राहुल गांधी ने कौन सी कमी रखी है.”
मणिशंकर अय्यर ने अपनी निजी राय दी- उमर अब्दुल्ला
जब उनसे पूछा गया कि ‘इंडिया ब्लॉक’ के नेतृत्व परिवर्तन का आप समर्थन करेंगे? इस पर जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने साफ तौर से कहा, ”अभी तक इंडिया ब्लॉक में इस तरह की कोई मीटिंग हुई नहीं है. मुझे नहीं मालूम है कि ये कहां से प्रोजेक्ट हो रहा है. मणिशंकर अय्यर ने अपनी निजी राय दी है. उनको अपनी राय देने का हक है. कोई ये नहीं कह सकता है कि मणिशंकर अय्यर साहब को अपनी बात रखने का हक नहीं है लेकिन आखिरकार फैसला जब होगा तो ‘इंडिया ब्लॉक’ का होगा, सब मिलकर बात करेंगे और अभी तक इस पर ‘इंडिया ब्लॉक’ के किसी भी मीटिंग में लीडरशिप के बारे में कोई बात नहीं हुई है.”
