ट्रस्ट की 20 एकड़ जमीन की खरीद-फरोख्त पर CM धामी की रोक, MDDA को जांच के आदेश

ट्रस्ट की 20 एकड़ जमीन की खरीद-फरोख्त पर CM धामी की रोक, MDDA को जांच के आदेश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी देहरादून में आईएमए के निकट स्थित एक ट्रस्ट की करीब 20 एकड़ भूमि के मामले में सख्त कदम उठाते हुए उसकी खरीद–फरोख्त पर तत्काल रोक लगा दी है. साथ ही मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) को पूरे प्रकरण की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं. राज्य सरकार ने एहतियातन इस भूमि को अपने नियंत्रण में ले लिया है.

यह कार्रवाई ट्रस्ट की भूमि को एक विशेष समुदाय को बेचे जाने की शिकायत सामने आने के बाद की गई है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि यही वे लोग हैं जो पूर्व में राज्य में मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने की कोशिशों से जुड़े रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड की देवभूमि की पहचान और यहां के भू-कानूनों के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

अवैध कब्जों और भू-माफियाओं पर कार्रवाई जारी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने पहले भी भू-माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है और अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने दो टूक कहा कि उत्तराखंड के भू-कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई भी हो और कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो.

सीएम धामी ने कांग्रेस को घेरा

इस पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर भी जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से मुस्लिम यूनिवर्सिटी को लेकर जो राग अलाप रही थी, अब वही सच्चाई जनता के सामने आ रही है. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर तुष्टिकरण की राजनीति की है, जबकि वर्तमान सरकार राज्य के हितों और कानून के दायरे में रहकर फैसले ले रही है.

मुख्यमंत्री धामी ने भरोसा दिलाया कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होगी तथा यदि किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्पष्ट है- उत्तराखंड की जमीन, संस्कृति और कानून की रक्षा करना और भू-माफियाओं व अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाना.


Leave a Reply