12वीं की छात्रा से दरिंदगी, साथी छात्रों ने घर में बंधक बनाकर किया सामूहिक दुष्कर्म, वीडियो भी बनाया

बंधक बनाकर छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के दूसरे दिन फिर से आरोपितों ने दुष्कर्म किया। सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज हुआ मुकदमा दो के खिलाफ मुकदमा। पुलिस दोनों आरोपितों की तलाश कर रही है।
लखनऊ। लखनऊ में 12वीं की छात्रा को उसके घर पर बंधक बनाकर दो दोस्तों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान उसका वीडियो भी बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दूसरे दिन भी दोनों ने दुष्कर्म किया। त्रस्त होकर छात्रा ने परिवारजन को सूचना दी। इसके बाद सोमवार को दोनों के खिलाफ सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
एक विद्यालय में 12वीं की छात्रा है
पीड़िता एक निजी विद्यालय से 12वीं की छात्रा है। दोनों आरोपित भी 12वीं के छात्र है। इंस्पेक्टर शैलेंद्र गिरि ने बताया कि छात्रा के घरवालों का आरोप है कि बीती 10 फरवरी को वह घर पर अकेली थी। इस बीच दोनों पहुंचे और छेड़छाड़ करने लगे। विरोध पर धमकी दी और पीटा। फिर बंधक बनाकर दोनों ने दुष्कर्म किया। इस दौरान एक ने मोबाइल में वीडियो भी बना लिया। मुंह खोलने पर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी और चले गए।
अगले दिन फिर किया दुष्कर्म
आरोप है कि अगले दिन दोनों फिर पहुंचे और धमकी देकर दुष्कर्म किया। छात्रा की हालत बिगड़ गई। शाम को घरवाले पहुंचे तो छात्रा ने उन्हें जानकारी दी। इसके बाद छात्रा के घरवालों ने थाने में तहरीर दी।
तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, आइटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपित दोनों छात्र भी नाबालिग बताए जा रहे हैं। इस संबंध में जांच की जा रही है।