नगरायुक्त ने किया स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का निरीक्षण

नगरायुक्त ने किया स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का निरीक्षण
  • सहारनपुर में मंडी समिति रोड़ पर पार्किंग क्षेत्र का निरीक्षण करती नगरायुक्त/सीईओ स्मार्ट सिटी गजल भारद्वाज।

सहारनपुर। स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्याधिकारी/नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने आज मण्डी समिति रोड़, चिलकाना रोड़ व बेहट रोड़ पर स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे कार्यो का निरीक्षण किया। मण्डी समिति रोड़ व चिलकाना रोड़ पर विद्युत विभाग का अंडर केबलिंग कार्य धीमा पाया गया। इस पर उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को बुलाकर समयबद्धता के साथ कार्ययोजना की जानकारी लेने के निर्देश दिए।

स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ)/नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने शनिवार की सुबह स्मार्ट सिटी के तहत चल रही परियोजनाओं का अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। सबसे पहले अंबाला रोड़ का निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था आरसीसी द्वारा कराये जा रहे डिवाइडर निर्माण कार्य की गति धीमी पायी गयी जबकि फुटपाथ का कार्य अभी शुरु ही नहीं किया गया है। इस पर उन्होंने कार्यदायी संस्था को दीपावली से पहले सड़क निर्माण का समस्त कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

मण्डी समिति रोड़ (गत्ता मिल कॉलोनी से चिलकाना रोड़ तक) के निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग द्वारा कारगिल गेट और आली की चुंगी पर अंडर ग्राउंड केबलिंग का कार्य भी बहुत धीमा पाया गया। जबकि विद्युत विभाग द्वारा अंडर केबलिंग का कार्य 10 अगस्त तक पूरा किया जाना था। मौके पर विद्युत विभाग की लेबर और साइट इंजीनियर भी नहीं मिले। चिलकाना रोड़ पर भी कार्य की गति धीमी मिली। सीईओ गजल भारद्वाज ने स्मार्ट सिटी अधिकारियों को विद्युत विभाग के अधिकारियों को बुलाकर समयबद्ध कार्ययोजना के साथ कार्य पूर्ण होने की जानकारी लेने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यदि कार्य में विलंब होता है तो एक सितंबर से लायबिलिटी कॉस्ट लगायी जायेगी। उन्होंने बेहट रोड पर भी नाला व सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था आरसीसी को कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। इस पर आरसीसी के परियोजना प्रबंधक ने नगरायुक्त को आश्वस्त किया कि 15 दिनों के भीतर ब्लैक टॉप का कार्य पूरा कर दिया जायेगा। निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी के डीजीएम सिविल दिनेश सिंघल, प्रोजेक्ट कोर्डिनेटर शिवेद्र आदि मौजूद रहे।