नागरिकता कानून: कानपुर, मुजफ्फरनगर समेत यूपी के कई इलाकों में बवाल, आगजनी, पत्थरबाजी

नागरिकता कानून: कानपुर, मुजफ्फरनगर समेत यूपी के कई इलाकों में बवाल, आगजनी, पत्थरबाजी
हाइलाइट्स
  • उत्तर प्रदेश के कई जिलों में उपद्रवियों ने फिर से शुरू किया उपद्रव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
  • कानपुर स्थित परेड में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर किया पथराव, शासन-प्रशासन में हड़कंप
  • मुजफ्फरनगर और मेरठ में भी जुमे की नमाज के बाद काली बांधकर विरोध जताया गया
  • कानपुर स्थित हलीम मुस्लिम कॉलेज से यतीम खाने की तरफ मुंह पर कपड़ा बांधे हुए भीड़ पहुंची

मेरठ
नागरिकता कानून को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कानपुर, मेरठ, फिरोजाबाद, गोरखपुर और मुजफ्फरनगर समेत कई अन्य जिलों में एकबार फिर से उपद्रव शुरू हो गया है। फिरोजाबाद के नालवंद चौराहे में प्रदर्शन के दौरान एक उपद्रवी को गोली लग गई। आनन-फानन उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। उधर, कानपुर के अलग-अलग हिस्सों में उपद्रवियों द्वारा पथराव किया गया। पुलिस को स्थितियों पर नियंत्रण के लिए उपद्रवियों पर लाठीचार्ज करना पड़ा। मुजफ्फरनगर और मेरठ में भी जुमे की नमाज के बाद काली बांधकर विरोध जताया गया। मुजफ्फरनगर में पथराव और आगजनी की भी ख़बर है।

कानपुर में सड़कों पर उपद्रवी
कानपुर स्थित हलीम मुस्लिम कॉलेज से यतीम खाने की तरफ मुंह पर कपड़ा बांधे हुए भीड़ पहुंची। नमाज के बाद युवकों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। तकरीबन 1 लाख की भीड़ ने पूरे शहर में तांडव शुरू कर दिया। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई है। इसके साथ ही ये उपद्रवी फूलबाग की तरफ बढ़ रहे हैं। कानपुर के ही ग्वालटोली में 100-150 लड़कों ने भी प्रदर्शन किया है। कानपुर के बाबूपुरवा के बगाही और मछरिया क्षेत्र से भी प्रदर्शन और आगजनी की ख़बरें सामने आईं। कानपुर में प्रदर्शनकारियों की वजह से जाम की स्थिति पैदा हो गई है। बढ़ते बवाल को देखते हुए डीआईजी पीएसी को कानपुर भेज दिया गया है। स्थितियों पर काबू पाने के लिए एक प्लाटून पीएसी को तैनात कर दिया गया है।

NBT

मुजफ्फरनगर में भी हंगामा

फिरोजाबाद में फूंकी गईं गाड़ियां
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में भी उपद्रवियों ने नागरिकता कानून को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यहां पर उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ियों के साथ-साथ आम लोगों की को आग के हवाले कर दिया। पुलिस इन उपद्रवियों पर काबू पाने की हर संभव कोशिश में जुटी हुई है। इस घटना में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उपद्रवियों ने यहां पुलिस चौकी को भी जलाने का प्रयास किया।

पढ़ें: नागरिकता कानून से जुड़े हर सवाल का जवाब

NBT

गोरखपुर में भी बवाल

अयोध्या में माहौल तनावपूर्ण
उधर, अयोध्या में धारा 144 का उल्लंघन कर जुलूस निकाला गया। इस जुलूस में भारी भीड़ नजर आई। भीड़ के साथ ही आसपास के क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया। जानकारी के मुताबिक, पहले ज्ञापन देने पर प्रशासन से सहमति बनी थी लेकिन सबरजीत मंडी से कुछ नवयुवक नारे लगाते हुए निकल पड़े और जुलूस को कसाईबाड़े तक ले गए। भारी पुलिस के बीच जुलूस निकलकर फिर वापस लौट चुका है।

NBT

प्रदर्शन के बाद बहराइच में अफरातफरी

बहराइच में शुरू हुआ बवाल
बहराइच में नमाज के बाद नागरिकता संशोधन कानून का विरोध कर रहे लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। पथराव की वजह से बचाव के लिए पुलिस टीम ने भीड़ पर की फायरिंग व आंसू गैस के गोले दागे। इसके साथ ही मौके पर तनाव की स्थित पैदा हो गई है। साथ ही घटना स्थल पर भारी फोर्स तैनात कर दी गई है। यह पूरी घटना घंटाघर क्षेत्र के पास की है।

गोरखपुर में भी हिंसक प्रदर्शन
देश के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे प्रदर्शनों के बीच उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित नक्खास में भी नमाज अदा करने के बाद से नमाजी प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारी रेटी से नक्खास चौक की तरफ बढ़ रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव के बाद पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया। मौके पर मची अफरातफरी में सड़क पर पत्थर, जूते-चप्पल नजर आ रहे हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश के ही हमीरपुर जिले में भी उपद्रवियों द्वारा हिंसक प्रदर्शन किया गया है।

पढ़ें: दिल्ली में जामा मस्जिद से नमाजियों का मार्च

सीतापुर-शामली में सड़कों पर प्रदर्शन
नागरिकता कानून को लेकर उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में लहरपुर और शहर में नमाज के बाद प्रदर्शन शुरू हो गया। शामली जिले से भी नमाज के बाद प्रदर्शन से जुड़ी खबरें सामने आईं हैं।

NBT

सीतापुर में भी प्रदर्शन

अलीगढ़ में पुलिसकर्मियों पर पथराव
यूपी के अलीगढ़ जिले में भी शाह जमाल ईदगाह पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। यह पूरा मामला थाना देहली गेट क्षेत्र का है।

ड्रोन से लखनऊ में नजर
लखनऊ में स्थितियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन का सहारा लिया जा रहा है। डीएम ने कहा, ‘हालात अब नियंत्रण में हैं। इंटरनेट सेवाएं बंद हैं। कल (गुरुवार) हुई घटनाओं के बाद केस दर्ज किए गए हैं।’

बुलंदशहर में पुलिस की गाड़ी फूंकी
बुलंदशहर में भी नागरिकता कानून को लेकर उग्र प्रदर्शन शुरू हो गया। यहां पर पुलिस की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस स्थितियों पर काबू पाने की हर संभव कोशिश में जुटी हुई है। इसके साथ ही बुलंदशहर में इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गईं हैं।

वाराणसी पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों की स्थितियों को देखते हुए वाराणसी में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। पुलिस यहां की हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रख रही है।

NBT

वाराणसी में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च