ईरान में फंसे नागरिकों को लाया जाएगा वापस, उत्तराखंड गृह विभाग ने MEA को भेजी 35 नामों की लिस्ट
ईरान में जारी युद्ध जैसे हालात के बीच उत्तराखंड सरकार ने वहां फंसे प्रदेशवासियों को सुरक्षित निकालने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए हैं. गृह विभाग ने ईरान में फंसे कुल 35 लोगों के नाम केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय को भेज दिए हैं. इनमें सबसे अधिक 32 नाम हरिद्वार जनपद से हैं, जबकि दो नाम चमोली और एक नाम पौड़ी गढ़वाल जिले के व्यक्ति का शामिल है.
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार जिले से प्राप्त सूची में मंगलौर विधानसभा क्षेत्र से विधायक काजी निजामुद्दीन द्वारा मुख्य सचिव को भेजे गए 19 नाम भी शामिल हैं. इसके अतिरिक्त हरिद्वार जनपद से 13 अन्य व्यक्तियों की सूची गृह विभाग को प्राप्त हुई थी. इस प्रकार केवल हरिद्वार से 32 लोगों के ईरान में फंसे होने की पुष्टि हुई है.
ईरान में फंसे लोगों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश
गृह विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि यदि उनके संज्ञान में ईरान में फंसे किसी भी व्यक्ति की जानकारी आए तो उसे तत्काल शासन और गृह विभाग को उपलब्ध कराया जाए, ताकि समय रहते केंद्र सरकार को सूचित किया जा सके.
केंद्र को भेजी गई प्रदेश के 35 नामों की लिस्ट
अपर सचिव गृह निवेदिता कुकरेती ने बताया कि अब तक प्राप्त सभी 35 नामों को केंद्र सरकार को प्रेषित किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि जैसे ही मध्य एशिया क्षेत्र में हवाई सेवाओं का संचालन सामान्य होगा, फंसे हुए लोगों को सुरक्षित वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.
रोजगार और शिक्षा के सिलसिले में ईरान गए भारतीय नागरिक
बताया जा रहा है कि ईरान में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक रोजगार और शिक्षा के सिलसिले में रह रहे हैं, जिनमें उत्तराखंड के लोग भी शामिल हैं. राज्य सरकार केंद्र सरकार के संपर्क में है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की जा सके.
