नगर निगम की लापरवाही से त्रस्त हैं नागरिक
सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष फैसल सलमानी ने कहा कि नगर निगम की लापरवाही के कारण आज महानगर के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तथा स्मार्ट सिटी के नाम पर महज जनता से छलावा किया जा रहा है। पूर्व महानगर अध्यक्ष फैसल सलमानी कार्यकर्ताओं की आयोजित बैठक में बोल रहे थे। फैसल सलमानी ने कहा कि बरसात का मौसम शुरू हो चुका है और अभी तक भी निगम द्वारा नालों की सफाई नहीं की गई है जिस कारण आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम के पार्षद ही निगम की कार्यशैली पर सवालिया निशान उठा रहे हैं। विगत दिवस हुए हंगामे से लगता है कि निगम अधिकारी पार्षदों की बात भी सुन नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा कि महानगर को स्मार्ट सिटी का दर्जा मिलने के बावजूद भी जनता को सुविधाओं के नाम पर मिट्टी फांकनी पड़ रही है। चारों और नगर में खुदाई का कार्य चल रहा है और आमजन को दुर्घटना का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन के नाम पर जिस प्रकार से सडक़ खुदाई का कार्य भारी धीमी गति से चल रहा है जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में व्यापक भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आ रहे हैं लेकिन नगर निगम के महापौर एवं नगर आयुक्त जनता की आवाज को अनसुना कर मनमाने तरीके से अपने कार्य को अंजाम दे रहे हैं जिसे किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि शीघ्र ही नालों की सफाई का कार्य कराया जाये तथा सीवर लाइन के नाम पर खोदी गई सडक़ों का जीर्णोद्धार तत्काल कराया जाए जिससे कि आमजन को दिक्कत का सामना ना करना पड़े अन्यथा समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सडक़ पर उतरकर आंदोलन करेंगे। बैठक को लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष अर्जुन पंडित फहद सलीम, हसीन कुरेशी ,इंजीनियर बृजेश शर्मा, हरपाल वर्मा ,आदि ने संबोधित किया बैठक में वेदपाल पटनी, विकास यादव ,सौरभ कुमार नदीम कुरैशी ,आदि मौजूद रहे।